छत्तीसगढ़

करेंसी टावर की लिफ्ट में 20 मिनट तक फंसीं रहीं एसीएस ऋचा शर्मा…

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

रायपुर, 20 अप्रैल 2026। राजधानी के वीआईपी रोड स्थित करेंसी टावर में सोमवार सुबह एक गंभीर लापरवाही सामने आई, जब छत्तीसगढ़ शासन की असिस्टेंट चीफ सेक्रेटरी ऋचा शर्मा करीब 20 मिनट तक लिफ्ट में फंसी रहीं। समय रहते रेस्क्यू होने से बड़ा हादसा टल गया, लेकिन घटना ने बिल्डिंग की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

जिम जाते वक्त लिफ्ट में फंसीं

जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 6:30 बजे ऋचा शर्मा जिम जाने के लिए लिफ्ट से ऊपर जा रही थीं, तभी लिफ्ट अचानक बीच में रुक गई। लिफ्ट के अंदर न तो पर्याप्त वेंटिलेशन था और न ही कोई इमरजेंसी अलार्म या हेल्पलाइन नंबर, जिससे तत्काल मदद मिल सके। बंद जगह में घुटन के कारण उनकी तबीयत बिगड़ने लगी।

मोबाइल से मांगी मदद

स्थिति बिगड़ती देख उन्होंने मोबाइल के जरिए अधिकारियों को सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर मदद पहुंची और करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद लिफ्ट का दरवाजा खोलकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया। बाहर आने के बाद भी उनकी हालत सामान्य होने में कुछ समय लगा।

ऊर्जा सचिव को किया फोन

घटना के दौरान उन्होंने राज्य के ऊर्जा सचिव डॉ. रोहित यादव से भी संपर्क कर करेंसी टावर में बिजली और पावर बैकअप व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने सोलर पावर और अन्य सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल उठाए।

पहले भी हो चुकी हैं शिकायतें

स्थानीय लोगों के अनुसार, इस टावर में लिफ्ट फंसने की यह पहली घटना नहीं है। सातवीं मंजिल पर स्थित जिम में रोजाना बड़ी संख्या में लोग आते हैं, बावजूद इसके लिफ्ट की खराब स्थिति को लेकर प्रबंधन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। बताया जा रहा है कि लिफ्ट का पंखा भी लंबे समय से खराब है।

नियमों की अनदेखी

नियमों के अनुसार, ऐसे व्यावसायिक परिसरों में पावर बैकअप, इमरजेंसी लाइट, अलार्म सिस्टम और हेल्पलाइन नंबर अनिवार्य होते हैं, लेकिन करेंसी टावर में इनका अभाव सामने आया है।

अब सवाल उठ रहा है कि नगर निगम, फायर सेफ्टी और अन्य संबंधित विभाग इस लापरवाही पर क्या कार्रवाई करते हैं, या फिर यह मामला भी अन्य घटनाओं की तरह ठंडे बस्ते में चला जाएगा।

Related Articles

Back to top button