राष्ट्रीय

मोदी का वाराणसी दौरा 28 को, ‘नारी शक्ति महोत्सव’ की तैयारी तेज

वाराणसी, 20 अप्रैल 2026। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित दो दिवसीय वाराणसी दौरे को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। 28 अप्रैल को बरेका परिसर में ‘नारी शक्ति महोत्सव’ का भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसमें 50 हजार से अधिक महिलाओं के शामिल होने की संभावना है।

इस संबंध में भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने सर्किट हाउस में बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और महिला मोर्चा की सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहीं। कार्यक्रम को पूरी तरह नारी सशक्तिकरण को समर्पित करते हुए इसकी जिम्मेदारी मातृशक्ति को सौंपने का निर्णय लिया गया।

महिलाओं की भूमिका रहेगी केंद्र में

कार्यक्रम की रूपरेखा, जनसंपर्क अभियान और बूथ स्तर तक जिम्मेदारियों के बंटवारे पर विस्तार से चर्चा हुई। महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं को अनुशासन और समर्पण के साथ आयोजन को सफल बनाने की जिम्मेदारी दी गई है।

6000 करोड़ की परियोजनाओं शिलान्यास और लोकार्पण

सूत्रों के अनुसार, इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री काशी और देश के लिए 6000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण कर सकते हैं। इनमें सिग्नेचर ब्रिज, लाट भैरव सेतु, रामनगर में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और अमृत योजना 2.0 के तहत कई परियोजनाएं शामिल हो सकती हैं।

ऐतिहासिक आयोजन बनाने की तैयारी

भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप पटेल ने बताया कि यह कार्यक्रम सिर्फ स्वागत तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि महिलाओं के साथ संवाद और उनके सशक्तिकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का संदेश भी देगा।

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री 28 अप्रैल को वाराणसी पहुंचेंगे और रात में वहीं विश्राम करेंगे। इसके बाद 29 अप्रैल को प्रस्थान करेंगे।

Related Articles

Back to top button