150 मीटर लंबी सुरंगों में अवैध कोयला खनन, ब्लास्टिंग कर बंद करने के निर्देश

रायपुर, 20 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में अवैध कोयला खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए लगातार दूसरे दिन व्यापक अभियान चलाया। रायपुर से पहुंची सेंट्रल फ्लाइंग स्क्वॉड की टीम ने देवखोल और भालूमाड़ा क्षेत्र में निरीक्षण कर अवैध खनन स्थलों को चिन्हित किया और उन्हें ब्लास्टिंग कर स्थायी रूप से बंद करने के निर्देश दिए।
150 मीटर लंबी सुरंगों में चल रहा था खनन
संयुक्त टीम ने जांच के दौरान करीब 150 मीटर लंबी सुरंगों का पता लगाया, जिनका उपयोग अवैध रूप से कोयला निकालने के लिए किया जा रहा था। हालांकि रविवार को निरीक्षण के दौरान मौके पर कोयला नहीं मिला, लेकिन पहले यहां बड़े पैमाने पर खनन गतिविधियां संचालित होने के प्रमाण मिले हैं।
एक दिन पहले 6 टन कोयला जब्त
शनिवार को पटना तहसील के देवखोल जंगल में चलाए गए सघन अभियान में टीम ने 6 टन से अधिक अवैध कोयला जब्त किया था। साथ ही कई सुरंगों को ध्वस्त कर खनन में उपयोग होने वाले उपकरण जैसे फावड़ा, गेती, विद्युत पंप, पाइप और बड़ी मात्रा में बिजली के तार भी बरामद किए गए।
संयुक्त टीम की बड़ी कार्रवाई
इस अभियान में खनिज, वन, राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ कोरिया, सूरजपुर, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिलों की टीमें शामिल रहीं। अधिकारियों ने बताया कि वन एवं खनिज विभाग के साथ एसईसीएल के समन्वय से इन क्षेत्रों की निगरानी और सख्त की जाएगी।
अवैध खनन पर पूरी तरह रोक की तैयारी
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चिन्हित स्थानों को ब्लास्टिंग कर बंद किया जाएगा, ताकि भविष्य में अवैध खनन की पुनरावृत्ति न हो सके। साथ ही क्षेत्र में लगातार निगरानी और संयुक्त अभियान जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
इस कार्रवाई के बाद अवैध खनन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में ऐसे अभियानों को और तेज किया जाएगा, ताकि खनन माफियाओं पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।



