छत्तीसगढ़

ABVV में इतिहास को नमन, बिरसा मुंडा व रानी दुर्गावती की प्रतिमाओं का अनावरण

बिलासपुर, 22 अप्रैल 2026। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के कोनी स्थित नए अकादमिक एवं प्रशासनिक परिसर में मंगलवार को एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां महान स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा और वीरांगना रानी दुर्गावती की प्रतिमाओं का अनावरण किया गया। यह आयोजन विश्वविद्यालय के सांस्कृतिक और ऐतिहासिक दृष्टिकोण को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कुलपति प्रो. (डॉ.) एल.पी. पटेरिया उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिमाओं का अनावरण करते हुए कहा कि यह केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के महान नायकों की विचारधारा को आगे बढ़ाने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा और रानी दुर्गावती का जीवन आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है और उनके संघर्षों को अकादमिक शोध के माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुंचाया जाना चाहिए।

कुलसचिव तरणीश गौतम ने कहा कि इस तरह के आयोजन शिक्षण संस्थानों की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करते हैं और छात्रों में राष्ट्रीय गौरव की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने जोर दिया कि इतिहास के इन महान व्यक्तित्वों को केवल किताबों तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि उन्हें संस्थानों के जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है।

कार्यक्रम में विभिन्न संकायों के अधिष्ठाताओं और शिक्षकों ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने तकनीकी शिक्षा के साथ ऐतिहासिक चेतना को जोड़ने और युवा पीढ़ी में नेतृत्व, अनुसंधान व नवाचार की भावना विकसित करने पर बल दिया।

विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित यह कार्यक्रम अनुशासन और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। इसे न केवल एक स्मरणीय आयोजन, बल्कि शैक्षणिक और सांस्कृतिक समन्वय के एक उदाहरण के रूप में देखा जा रहा है।

Related Articles

Back to top button