मुंबई में 1745 करोड़ की कोकीन जब्त, अंतरराष्ट्रीय ड्रग रैकेट का भंडाफोड़

मुंबई, 1 मई 2026। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुंबई में अंतरराष्ट्रीय ड्रग रैकेट का पर्दाफाश किया है। एजेंसी ने 349 किलोग्राम हाई-ग्रेड कोकीन जब्त की है, जिसकी कीमत करीब 1745 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने इस कार्रवाई की जानकारी साझा करते हुए कहा कि सरकार ड्रग कार्टेल को पूरी तरह खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने एनसीबी की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता बताते हुए टीम की सराहना की है।
गृहमंत्री ने कहा कि यह कार्रवाई ‘नीचे से ऊपर’ की रणनीति का उदाहरण है, जहां छोटी खेप की जांच करते हुए पूरे बड़े नेटवर्क का खुलासा किया गया। उन्होंने इसे एजेंसी की सतर्कता और पेशेवर दक्षता का परिणाम बताया।
बताया जा रहा है कि यह बड़ी जब्ती हाल ही में कुख्यात तस्कर सलीम डोला को तुर्की से भारत लाए जाने के बाद की गई है। सलीम डोला को अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क से जुड़ा माना जाता है और उसका नाम अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के सहयोगियों में भी शामिल रहा है।
एनसीबी अब इस मामले में आगे की जांच कर रही है और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।



