बिजली बिल गड़बड़ी पर NSUI का विरोध, निष्पक्ष जांच की मांग

रायपुर, 1 मई 2026। राजधानी के पुरेना जोन क्षेत्र में बिजली बिलों में कथित गड़बड़ी को लेकर एनएसयूआई ने विरोध जताया है। संगठन के प्रदेश सचिव कुणाल राजू दुबे ने विद्युत वितरण कंपनी पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे आम उपभोक्ताओं के साथ अन्याय बताया है।
कुणाल दुबे ने कहा कि कई उपभोक्ताओं को उनकी वास्तविक खपत से कई गुना अधिक बिजली बिल दिए जा रहे हैं। उन्होंने एक उदाहरण देते हुए बताया कि एक उपभोक्ता को जहां 22 हजार रुपये का बिल थमाया गया था, वहीं जांच के बाद वह घटकर करीब 10 हजार रुपये रह गया।
उन्होंने दावा किया कि विभाग के अधिकारियों ने भी स्वीकार किया है कि कई बिलों में त्रुटि हुई है और सुधार की प्रक्रिया जारी है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में ऐसे मामले सामने आना विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
एनएसयूआई ने आरोप लगाया कि यदि बिना सही जांच के उपभोक्ताओं से अधिक राशि वसूली जा रही है, तो यह संभावित घोटाले की ओर इशारा करता है। संगठन ने कहा कि इसका सबसे ज्यादा असर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है।
एनएसयूआई ने मांग की है कि पूरे क्षेत्र के बिजली बिलों की निष्पक्ष जांच कराई जाए, मीटर रीडिंग प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाए और गलत बिल पाने वाले उपभोक्ताओं को तुरंत राहत दी जाए। साथ ही दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की भी मांग की गई है।
कुणाल दुबे ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो संगठन आम लोगों के साथ मिलकर आंदोलन और धरना-प्रदर्शन करेगा, जिसकी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।



