छत्तीसगढ़

छात्र शक्ति-जन परिवर्तन: सीएम हाउस घेराव में उमड़ा छात्रों का हुजूम

पुलिस से झड़प के बाद कई NSUI नेता हिरासत में

रायपुर, 8 मई 2026। छत्तीसगढ़ NSUI द्वारा आयोजित ‘छात्र शक्ति-जन परिवर्तन’ कार्यक्रम और मुख्यमंत्री निवास घेराव आंदोलन के दौरान गुरुवार को राजधानी रायपुर में जमकर राजनीतिक हलचल देखने को मिली। छात्रसंघ चुनाव बहाली समेत विभिन्न छात्र हितों की मांगों को लेकर हजारों छात्र-युवा सड़कों पर उतरे। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं के बीच देर शाम तक घूमा-झटकी, नारेबाजी और तीखी बहस का दौर चलता रहा।

NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ के प्रथम रायपुर आगमन पर कार्यकर्ताओं ने स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया। इसके बाद महिला थाना चौक स्थित जनसंपर्क कार्यालय से मुख्यमंत्री निवास घेराव के लिए विशाल रैली निकाली गई, जिसमें प्रदेशभर से पहुंचे छात्र-छात्राओं और युवा कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।

मुख्यमंत्री निवास की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रोक दिया। इसके बाद NSUI कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कई छात्र नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। गिरफ्तारी के दौरान छात्रों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए छात्र अधिकारों की आवाज बुलंद की।

आंदोलन के दौरान छात्रसंघ चुनाव बहाली, शिक्षकों और शासकीय पदों पर भर्ती, विश्वविद्यालयों में राजनीतिक हस्तक्षेप पर रोक, नशे के अवैध कारोबार पर कार्रवाई और प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत करने जैसी मांगें प्रमुख रूप से उठाई गईं।

इस मौके पर NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा कि छात्र हितों की लगातार अनदेखी की जा रही है, जिसे संगठन बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने सरकार से छात्रसंघ चुनाव जल्द बहाल करने और युवाओं को रोजगार के अवसर देने की मांग की।

वहीं छत्तीसगढ़ NSUI प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव लोकतंत्र की पहली पाठशाला है और इसे बंद कर युवाओं की आवाज दबाने की कोशिश की गई है। उन्होंने कहा कि NSUI शिक्षा, रोजगार, सम्मान और छात्र अधिकारों की लड़ाई सड़क से सदन तक मजबूती से लड़ती रहेगी।

कार्यक्रम में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में NSUI पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button