छत्तीसगढ़

‘बस्तर आइडल 2026’ में रायपुर की अरुणिमा शर्मा का जलवा

जूनियर कैटेगरी में जीता द्वितीय रनर अप खिताब

रायपुर, 12 मई 2026। जगदलपुर में आयोजित प्रतिष्ठित सिंगिंग प्रतियोगिता “बस्तर आइडल 2026” में रायपुर की नन्हीं प्रतिभा अरुणिमा शर्मा ने अपनी शानदार गायकी से सभी का दिल जीत लिया। 10 वर्षीय अरुणिमा ने जूनियर कैटेगरी में द्वितीय रनर अप का खिताब अपने नाम कर रायपुर का नाम रोशन किया।

राग द म्यूजिकल ग्रुप जगदलपुर द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले 9 मई को निर्मल विद्यालय प्रांगण, जगदलपुर में भव्य रूप से संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के साथ-साथ पड़ोसी राज्य ओडिशा से भी प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और अपनी संगीतमय प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

अरुणिमा शर्मा ने मशहूर गीत “पिया तोसे नैना लागे रे” की मधुर प्रस्तुति देकर निर्णायकों और दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। उनकी बेहतरीन प्रस्तुति के लिए उन्हें ₹11 हजार नगद पुरस्कार, स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र और गिफ्ट वाउचर प्रदान किया गया।

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध लोकगायक सुनील सोनी, सुप्रसिद्ध गायिका प्रज्ञा त्रिवेदी और संगीतकार अतीक रहमान शामिल रहे।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में किरण सिंह देव और जगदलपुर महापौर संजय पांडेय मौजूद रहे। अतिथियों ने विजेताओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

आयोजकों ने बताया कि “बस्तर आइडल” का उद्देश्य बस्तर अंचल और पूरे छत्तीसगढ़ की छिपी हुई गायन प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराना है। अरुणिमा की इस उपलब्धि से रायपुर, बेमेतरा और पूरे बस्तर संभाग में खुशी का माहौल है।

Related Articles

Back to top button