छत्तीसगढ़

ऊर्जा संरक्षण की मिसाल: साइकिल से ऑफिस पहुंचे एसपी धर्मेंद्र सिंह

पुलिस जवानों को भी किया प्रेरित

कवर्धा, 12 मई 2026। ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कबीरधाम पुलिस ने एक प्रेरणादायक पहल की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऊर्जा बचत और पर्यावरण संरक्षण संबंधी आवाहन से प्रेरित होकर पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह स्वयं साइकिल से कार्यालय पहुंचे। उनके साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल और उप पुलिस अधीक्षक संजय ध्रुव सहित कई अधिकारी-कर्मचारी भी साइकिल से कार्यालय पहुंचे।

पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की कि वे सप्ताह में कम से कम एक दिन अपने कार्यस्थल तक साइकिल या पैदल पहुंचने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि ऊर्जा संरक्षण आज केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी बन चुका है। छोटी-छोटी आदतों में बदलाव लाकर ईंधन की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी बड़ा योगदान दिया जा सकता है।

एसपी सिंह ने विशेष रूप से उन कर्मचारियों को प्रेरित किया जिनका निवास कार्यालय के आसपास है कि वे अनावश्यक वाहन उपयोग से बचें और पैदल कार्यालय आएं। उन्होंने कहा कि इससे न केवल ऊर्जा की बचत होगी, बल्कि स्वास्थ्य भी बेहतर रहेगा।

कबीरधाम पुलिस की इस पहल को जिले में सकारात्मक संदेश के रूप में देखा जा रहा है। पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत को लेकर पुलिस विभाग का यह कदम आमजन को भी जागरूक करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button