तेंदूपत्ता तोड़ रहीं महिलाओं पर बाघ ने किया हमला, 4 की मौत

चंद्रपुर, 22 मई 2026। महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में शुक्रवार सुबह दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक बाघ के हमले में चार महिलाओं की मौत हो गई। घटना सिंदेवाही तहसील के गुंजेवाही गांव के पास जंगल क्षेत्र में हुई, जो जिला मुख्यालय से करीब 70 किलोमीटर दूर बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, महिलाएं सुबह तेंदूपत्ता संग्रह के लिए जंगल गई थीं। इसी दौरान अचानक बाघ ने उन पर हमला कर दिया। हमले में कावादाबाई मोहुरले (45), अनीताबाई मोहुरले (40), सुनीता मोहुरले (38) और संगीता चौधरी (50) की मौके पर ही मौत हो गई। सभी महिलाएं गुंजेवाही गांव की निवासी थीं।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बाघ ने सभी महिलाओं पर एक ही स्थान पर हमला किया या अलग-अलग जगहों पर। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी गई है।
मुख्य वन संरक्षक R. M. Ramanujan ने कहा कि पंचनामा और प्रारंभिक जांच पूरी होने के बाद घटना से जुड़ी अधिक जानकारी सामने आएगी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों को जंगल में सतर्क रहने की सलाह दी गई है।



