सरकारी बंगले पर बढ़ा विवाद, राबड़ी बोलीं- ‘फोर्स भेजकर खाली करा ले सरकार’

पटना, 30 मई 2026। बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी को आवंटित सरकारी आवास को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। राज्य सरकार द्वारा सर्कुलर रोड स्थित आवास संख्या-10 खाली करने के निर्देश के बाद राबड़ी देवी ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अगर सरकार को मकान खाली कराना है तो फोर्स भेजकर खाली करा ले, लेकिन वह स्वयं इसे खाली नहीं करेंगी।
शनिवार को पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में राबड़ी देवी ने कहा, “हम तो चाहते हैं कि फोर्स बुलाकर खाली करा लें। अगर सरकार को जगह खाली करानी है तो प्रशासन और फोर्स का इस्तेमाल करे, लेकिन हम अपनी जगह खाली नहीं करेंगे।” उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में बहस तेज हो गई है।
वर्तमान में राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद यादव अपने परिवार के साथ सर्कुलर रोड स्थित आवास संख्या-10 में रह रहे हैं। दूसरी ओर, भवन निर्माण विभाग का कहना है कि नेता प्रतिपक्ष के रूप में राबड़ी देवी को 25 नवंबर 2025 को हार्डिंग रोड स्थित आवास संख्या-39 आवंटित किया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने पुराना सरकारी आवास खाली नहीं किया है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, 27 मई 2026 को जारी आदेश के तहत सर्कुलर रोड स्थित आवास संख्या-10 डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित कर दिया गया है। ऐसे में नए आवंटन को लागू करने के लिए आवास खाली कराना जरूरी हो गया है।
संयुक्त सचिव-सह-भू-संपदा पदाधिकारी द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि इस निर्णय को सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी प्राप्त है और आवास खाली कराने की प्रक्रिया जल्द पूरी किए जाने का अनुरोध किया गया है।
सरकार और राबड़ी देवी के बीच आवास को लेकर बढ़ते टकराव ने इस मुद्दे को राजनीतिक रंग दे दिया है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि सरकार आगे क्या कदम उठाती है और यह विवाद किस दिशा में बढ़ता है।



