PMGSY में भुगतान विवाद: अभियंता पर ठेकेदारों के गंभीर आरोप, आंदोलन की चेतावनी

“बीजापुर में पीएमजीएसवाई को लेकर विवाद गहरा गया है। ठेकेदारों ने प्रभारी कार्यपालन अभियंता पर भुगतान रोकने और प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं, जबकि संगठन ने आंदोलन की चेतावनी दी है…”
बीजापुर, 1 जून 2026। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अंतर्गत चल रहे सड़क निर्माण कार्यों को लेकर बीजापुर में नया विवाद खड़ा हो गया है। ठेकेदारों और ठेकेदार संगठन ने विभाग के प्रभारी कार्यपालन अभियंता नवीन टुंडी पर भुगतान रोकने, मानसिक प्रताड़ना देने और निर्माण कार्यों में अनावश्यक बाधाएं उत्पन्न करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर ठेकेदारों में नाराजगी बढ़ती जा रही है और कार्रवाई नहीं होने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
ठेकेदार हरबीर सिंह बदेशा ने आरोप लगाया कि उनके द्वारा नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में जोखिम उठाकर सड़क निर्माण कार्य कराया गया, लेकिन कार्य पूर्ण होने और सभी आवश्यक दस्तावेज जमा करने के बावजूद भुगतान नहीं किया जा रहा है। उनका दावा है कि भुगतान के लिए कथित रूप से एडवांस कमीशन की मांग की गई और भुगतान संबंधी बिल उच्च कार्यालय तक नहीं भेजे गए।
उन्होंने बताया कि टी-02 से दमारम, भोगमगुड़ा से गुमरा और गगनपल्ली से रावतपारा तक सड़क निर्माण कार्य नवंबर 2025 से पुलिस सुरक्षा के बीच कराया गया। निर्माण कार्य की प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से उच्च अधिकारियों को भेजी जाती रही और विभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्य पूरा किया गया। इसके बावजूद भुगतान लंबित है, जिससे वे आर्थिक और मानसिक संकट का सामना कर रहे हैं।
ठेकेदार संगठन के प्रदेश अध्यक्ष बिरेश शुक्ला ने भी मामले में निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि यदि शासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो प्रदेशभर में पीएमजीएसवाई से जुड़े कार्यों का बहिष्कार किया जा सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि आवश्यकता पड़ने पर ठेकेदारों को कार्यस्थलों से वापस बुलाकर व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा।
इधर, आरोपों को लेकर कार्यपालन अभियंता नवीन टुंडी का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। फिलहाल मामले ने विभागीय कार्यप्रणाली और सड़क निर्माण परियोजनाओं के भुगतान तंत्र पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।



