‘पेद्दि’ का बॉक्स ऑफिस पर जलवा बरकरार, 4 दिन में ₹292.5 करोड़ पार

मुंबई, 8 जून 2026। राम चरण की बहुप्रतीक्षित पैन-इंडिया फिल्म ‘पेद्दि’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के पहले वीकेंड में ही फिल्म ने दुनियाभर में ₹292.5 करोड़ से अधिक का ग्रॉस कलेक्शन कर इस साल की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में अपनी जगह मजबूत कर ली है। दर्शकों के जबरदस्त रिस्पॉन्स और सकारात्मक समीक्षाओं के बीच फिल्म ने चार दिनों में कमाई के कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं।
4 जून को रिलीज हुई ‘पेद्दि’ ने शुरुआती दिन से ही बॉक्स ऑफिस पर दबदबा कायम रखा। दमदार ओपनिंग के बाद फिल्म की कमाई में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिली और वीकेंड समाप्त होते-होते इसका वैश्विक कलेक्शन ₹292.5 करोड़ के पार पहुंच गया। ट्रेड विश्लेषकों का मानना है कि मजबूत वर्ड-ऑफ-माउथ और फैंस के उत्साह के चलते फिल्म आने वाले दिनों में भी शानदार प्रदर्शन जारी रख सकती है।
फिल्म के निर्माताओं ने सोशल मीडिया पर इसकी सफलता का जश्न मनाते हुए लिखा, “बॉक्स ऑफिस चैंपियन #PEDDI के लिए ब्लॉकबस्टर पहला वीकेंड। चार दिनों में वर्ल्डवाइड ₹292.5 करोड़+ का धमाकेदार ग्रॉस कलेक्शन।”
बुची बाबू सना के निर्देशन में बनी इस फिल्म में राम चरण मुख्य भूमिका में हैं। उनके साथ जाह्नवी कपूर, शिवा राजकुमार, जगपति बाबू और दिव्येंदु शर्मा जैसे कलाकार अहम किरदार निभा रहे हैं। फिल्म की कहानी, भव्य प्रस्तुति और कलाकारों के प्रदर्शन को दर्शकों से भरपूर सराहना मिल रही है।
‘पेद्दि’ का निर्माण वृद्धि सिनेमाज के बैनर तले वेंकट सतीश किलारू ने किया है। फिल्म को मैत्री मूवी मेकर्स, सुकुमार राइटिंग्स और IVY एंटरटेनमेंट का सहयोग मिला है। वहीं ईशान सक्सेना इसके सह-निर्माता हैं।
तकनीकी पक्ष की बात करें तो फिल्म में ऑस्कर विजेता ए.आर. रहमान का संगीत, आर. रत्नावेलु की सिनेमैटोग्राफी, अविनाश कोल्ला का प्रोडक्शन डिजाइन और नवीन नूली की एडिटिंग इसकी भव्यता को और बढ़ाते हैं।
नॉर्थ इंडिया में फिल्म के वितरण की जिम्मेदारी जियो स्टूडियोज ने संभाली है। इससे पहले जियो स्टूडियोज ‘धुरंधर’, ‘धुरंधर: द रिवेंज’ और ‘राजा शिवाजी’ जैसी सफल फिल्मों से भी जुड़ा रहा है।
पहले वीकेंड में ही लगभग ₹300 करोड़ के करीब पहुंच चुकी ‘पेद्दि’ अब बॉक्स ऑफिस पर नए कीर्तिमान स्थापित करने की ओर बढ़ती नजर आ रही है। फिल्म की मजबूत पकड़ को देखते हुए उद्योग जगत को उम्मीद है कि यह जल्द ही वर्ष की सबसे बड़ी कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल हो सकती है।



