मनोरंजन

‘गवर्नर’ का नया संदेश: मनोज बाजपेयी ने बताया, असली ताकत कुर्सी में नहीं, सच सुनने में है

मुंबई, 8 जून 2026। सच्ची घटनाओं से प्रेरित आगामी फिल्म ‘गवर्नर’ को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता लगातार बढ़ती जा रही है। भारत के आर्थिक इतिहास के एक निर्णायक दौर पर आधारित यह फिल्म अब रिलीज से पहले अपने दमदार संवादों और विचारोत्तेजक संदेशों की वजह से चर्चा में है। इस बीच अभिनेता मनोज बाजपेयी ने फिल्म से जुड़ा एक नया वीडियो साझा कर ‘पावर’ यानी असली ताकत का अर्थ समझाया है।

फिल्म में मनोज बाजपेयी एक ऐसे गवर्नर की भूमिका निभा रहे हैं, जिनके कंधों पर आर्थिक संकट से जूझ रहे देश को संभालने की जिम्मेदारी है। हाल ही में जारी वीडियो में उन्होंने कहा कि असली शक्ति अधिकार या पद में नहीं, बल्कि उस सच को सुनने और स्वीकार करने की क्षमता में होती है जिसे अधिकांश लोग सुनना नहीं चाहते।

फिल्म के निर्माताओं ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए लिखा, “Appointment With The Governor – The True Meaning of Power.” इसके साथ ही बताया गया कि ‘गवर्नर’ 12 जून 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

फिल्म की कहानी भारत के इतिहास के उस दौर को सामने लाती है जब देश गंभीर आर्थिक चुनौतियों और अनिश्चितताओं का सामना कर रहा था। ऐसे समय में लिए गए कठिन निर्णयों और उनके दूरगामी प्रभावों को फिल्म के माध्यम से दर्शाया गया है। मनोज बाजपेयी का किरदार इसी संघर्ष और नेतृत्व की कहानी को केंद्र में रखता है।

‘गवर्नर’ का निर्देशन चिन्मय मांडलेकर ने किया है, जबकि इसके निर्माता विपुल अमृतलाल शाह और सह-निर्माता आशिन ए. शाह हैं। फिल्म की पटकथा सुवेंदु भट्टाचार्य, सौरभ भरत, रवि असरानी और विपुल अमृतलाल शाह ने मिलकर लिखी है।

फिल्म का संगीत भी खास आकर्षण माना जा रहा है। गीतों को मशहूर गीतकार जावेद अख्तर ने लिखा है, जबकि संगीतकार अमित त्रिवेदी ने उन्हें अपनी धुनों से सजाया है।

रिलीज से पहले सामने आए इस नए प्रोमो ने फिल्म के प्रति दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है। आर्थिक संकट, नेतृत्व और जिम्मेदारी की पृष्ठभूमि पर बनी ‘गवर्नर’ अब 12 जून को बड़े पर्दे पर अपनी कहानी कहने के लिए तैयार है।

Related Articles

Back to top button