
मुंबई, 9 जून 2026। डिजिटल कंटेंट की दुनिया में लगातार सफल और लोकप्रिय शो देने वाले TVF (द वायरल फीवर) के संस्थापक अरुणाभ कुमार को लेकर ‘गुल्लक’ के कलाकारों ने दिल खोलकर तारीफ की है। हाल ही में रिलीज हुए ‘गुल्लक सीजन 5’ की सफलता के बीच कलाकार सुनीता राजवार और जमील खान ने कहा कि इतनी बड़ी कामयाबी के बावजूद अरुणाभ कुमार आज भी बेहद विनम्र और जमीन से जुड़े हुए इंसान हैं।
‘गुल्लक’ और ‘पंचायत’ जैसी लोकप्रिय सीरीज का हिस्सा रहीं अभिनेत्री सुनीता राजवार ने कहा कि उनके करियर की नई पहचान और सफलता में TVF का बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा कि जब वह अपने करियर के कठिन दौर से गुजर रही थीं, तब TVF ने उन्हें नया मौका दिया और उनकी जिंदगी बदल दी।
सुनीता ने कहा, “मैं हमेशा TVF और अरुणाभ कुमार की शुक्रगुजार रहूंगी। ‘गुल्लक’ और ‘पंचायत’ ने मुझे वह पहचान दिलाई, जिसकी मैंने कभी कल्पना नहीं की थी। अरुणाभ आज भी वैसे ही सरल और सहज हैं, जैसे शुरुआत में थे। उनसे बात करना या मिलना आज भी उतना ही आसान है।”
वहीं अभिनेता जमील खान ने भी अरुणाभ कुमार की नेतृत्व क्षमता की सराहना की। उन्होंने बताया कि एक स्क्रीनिंग के दौरान उन्होंने अरुणाभ से कहा था कि ‘गुल्लक’ एक बेहद खास प्रोजेक्ट है और इसे संभालकर रखना चाहिए। इस पर अरुणाभ ने भरोसा दिलाया था कि शो की गुणवत्ता से कभी समझौता नहीं होगा।
जमील ने कहा, “निर्देशक और लेखक समय के साथ बदलते रहे, लेकिन पूरी टीम को साथ लेकर चलने वाला व्यक्ति वही रहा। अरुणाभ की सबसे बड़ी खूबी है कि उन्हें टीम बनाना और उसे एकजुट रखना आता है।”
TVF इन दिनों वैश्विक स्तर पर भी अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। IMDb की Top 250 टीवी शोज़ की सूची में TVF के कई शो शामिल हैं, जिनमें TVF Pitchers, Panchayat, Gullak, Kota Factory, Aspirants और Yeh Meri Family जैसे नाम शामिल हैं। हाल ही में Sapne Vs Everyone ने भी इस प्रतिष्ठित सूची में जगह बनाई है।
इसके अलावा TVF ने अपने आगामी प्रोजेक्ट्स Vvan, College Fest, Pyramid, Vansh और Panchayat, Aspirants व Sandeep Bhaiya के नए सीजन की घोषणा कर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।
‘गुल्लक 5’ की सफलता के बीच कलाकारों की ओर से मिली यह सराहना एक बार फिर साबित करती है कि TVF की कामयाबी के पीछे केवल बेहतरीन कंटेंट ही नहीं, बल्कि मजबूत नेतृत्व और टीम भावना भी अहम भूमिका निभाती है।



