छत्तीसगढ़

एक-दो दिन में छत्तीसगढ़ पहुंचेगा मानसून, कई जिलों में अलर्ट

रायपुर, 13 जून 2026। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले एक-दो दिनों में प्रवेश कर सकता है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून शुक्रवार को उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, पश्चिम बंगाल, बिहार, ओडिशा और झारखंड के कुछ हिस्सों तक पहुंच चुका है तथा इसके आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

प्रदेश में पिछले दिनों हुई बारिश का असर तापमान पर भी देखने को मिला। राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 22 डिग्री रहा, जो प्रदेश में सबसे कम था। वहीं राजनांदगांव 42 डिग्री के साथ सबसे गर्म जिला रहा।

मौसम विभाग के मुताबिक बरमकेला और नारायणपुर में 4 सेमी, नगरी, सरोना, पौड़ी उपरोरा, बड़ेराजपुर और छोटेडोंगर में 3 सेमी तक वर्षा दर्ज की गई। कई अन्य क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई।

विभाग ने 13 जून को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा, गरज-चमक, तेज अंधड़ और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है, जबकि आगामी दिनों में मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ बारिश का दायरा भी विस्तृत होगा।

Related Articles

Back to top button