मनोरंजन

‘गोलू’ की वापसी को लेकर श्वेता बेकरार, ‘मिर्जापुर’ के अगले अध्याय का इंतजार

मुंबई। अमेज़न एमजीएम स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट की लोकप्रिय फ्रेंचाइजी ‘मिर्जापुर’ अब बड़े पर्दे पर दस्तक देने जा रही है। ‘मिर्जापुर: द मूवी’ को लेकर जहां दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है, वहीं सीरीज में ‘गोलू’ का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री श्वेता त्रिपाठी भी अपनी वापसी को लेकर बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि वह एक बार फिर गोलू के किरदार में लौटने का बेसब्री से इंतजार कर रही हैं।

भारत की सबसे चर्चित ओटीटी फ्रेंचाइजी में शामिल ‘मिर्जापुर’ ने अपने दमदार किरदारों, रोमांचक कहानी और शानदार अभिनय के दम पर दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई है। अब यह फ्रेंचाइजी ओटीटी से आगे बढ़कर सिनेमाघरों में नई शुरुआत करने जा रही है।

फ्रेंचाइजी को मिले प्यार पर बात करते हुए श्वेता त्रिपाठी ने कहा कि ‘मिर्जापुर’ उनके लिए सिर्फ एक शो नहीं, बल्कि भावनाओं और यादों से जुड़ा एक सफर है। उन्होंने कहा, “लगभग एक दशक से हम इस दुनिया का हिस्सा हैं। इस सफर ने हमें सिर्फ सफलता नहीं, बल्कि दर्शकों का प्यार, सम्मान और एक गहरा जुड़ाव दिया है। पूरी कास्ट और क्रू अब परिवार जैसा बन चुका है।”

अपने किरदार ‘गोलू’ के बारे में बात करते हुए श्वेता ने कहा कि यह उनके करियर के सबसे खास किरदारों में से एक है। उनके मुताबिक गोलू एक योद्धा की तरह है, जो कठिन परिस्थितियों में भी हार नहीं मानती। उन्होंने कहा कि इस किरदार का सफर बेहद भावनात्मक और चुनौतीपूर्ण रहा है।

श्वेता ने यह भी स्वीकार किया कि ‘मिर्जापुर’ के दूसरे और तीसरे सीजन में गोलू के गहरे और अंधेरे पक्ष को निभाने का उन पर मानसिक प्रभाव पड़ा था। उन्होंने कहा, “उस किरदार से बाहर आने में मुझे समय लगा, लेकिन मैं आज भी गोलू से बेहद प्यार करती हूं।”

उन्होंने आगे कहा कि वह ‘मिर्जापुर’ के अगले अध्याय और संभावित चौथे सीजन को लेकर बेहद उत्साहित हैं। “मैं गोलू से दोबारा मिलने का इंतजार नहीं कर सकती। मैं इसके लिए दुआ कर रही हूं और बेहद एक्साइटेड हूं,” श्वेता ने कहा।

गौरतलब है कि ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि इसकी कहानी और पटकथा पुनीत कृष्णा ने लिखी है। एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर द्वारा निर्मित यह फिल्म 4 सितंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Related Articles

Back to top button