‘उत्साही अफसरों ने सरकार की छवि बिगाड़ी’: नकटी मामले पर बोले बृजमोहन

रायपुर, 6 जुलाई 2026। राजधानी रायपुर के समीप स्थित नकटी गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। विपक्ष के हमलों के बीच अब भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भी कार्रवाई के तरीके पर सवाल उठाते हुए इसे गलत बताया है। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान इस तरह की कार्रवाई उचित नहीं थी और कुछ “उत्साही अधिकारियों” की वजह से राज्य सरकार की छवि खराब हुई है।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि उन्होंने इस मामले में मंत्री ओपी चौधरी को पत्र लिखा था, लेकिन अब तक उसका कोई जवाब नहीं मिला है। उन्होंने संकेत दिया कि प्रशासन को इस तरह की कार्रवाई से पहले संवेदनशीलता दिखानी चाहिए थी।
गौरतलब है कि बुलडोजर कार्रवाई से एक दिन पहले नकटी गांव के ग्रामीणों ने सांसद बृजमोहन अग्रवाल से मुलाकात कर मकान तोड़े जाने पर रोक लगाने की मांग की थी। उस समय सांसद ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया था कि बरसात के दौरान कोई तोड़फोड़ नहीं होगी और प्रशासन तथा ग्रामीणों के बीच समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
बता दें कि 29 जून को रायपुर जिला प्रशासन ने नकटी गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करते हुए करीब 80 मकानों पर बुलडोजर चलाया था। कार्रवाई के बाद कई परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए। इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस लगातार भाजपा सरकार पर निशाना साध रही है।
हालांकि प्रशासन का कहना है कि सरकारी भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए नियमानुसार कार्रवाई की गई है। वहीं, सांसद के बयान के बाद इस पूरे मामले ने नया राजनीतिक मोड़ ले लिया है।



