छत्तीसगढ़

लोटस पब्लिक स्कूल में प्रतिभाओं का सम्मान, JEE चयनित छात्र का अभिनंदन

भटगांव, 6 जुलाई 2026। लोटस पब्लिक स्कूल, भटगांव में वार्षिक परीक्षा सत्र 2025-26 के मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान में वार्षिक पुरस्कार वितरण एवं मेरिट सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में विभिन्न कक्षाओं के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले कुल 178 विद्यार्थियों को मोमेंटो, प्रशस्ति-पत्र एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यालय के उत्कृष्ट शिक्षकों और JEE Advanced परीक्षा में सफलता हासिल करने वाले छात्र हर्षित देवांगन का विशेष सम्मान किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नोडल प्राचार्य प्रीतम भारद्वाज रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में पत्रकार संघ से धर्मेंद्र साहू, के.पी. पटेल एवं रामदुलार साहू तथा अभिभावक प्रतिनिधि गुड्डा साहू एवं शिवकुमार देवांगन उपस्थित रहे।

समारोह में कक्षा 5वीं, 7वीं, 8वीं, 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इनमें रिमझिम साहू, चित्रा साहू, तेजस्वनी परमेश्वर, भूपेश जायसवाल और निधि केवट सहित अन्य मेधावी छात्र-छात्राएं शामिल रहे।

कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण विद्यालय के छात्र हर्षित देवांगन रहे, जिन्होंने JEE Advanced परीक्षा उत्तीर्ण कर विद्यालय, भटगांव अंचल और पूरे जिले का नाम रोशन किया। मुख्य अतिथि प्रीतम भारद्वाज ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि लोटस पब्लिक स्कूल लगातार उत्कृष्ट बोर्ड परीक्षा परिणाम देकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है।

पत्रकार संघ के प्रतिनिधियों ने भी विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था, अनुशासन और उत्कृष्ट परीक्षा परिणामों की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र का अग्रणी शैक्षणिक संस्थान बताया।

इस अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 14 शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। इनमें अनीता मैम, अंजली मैम, दिव्या मैम, सरजू सर, निकिता मैम, गुप्ता मैम, सनत सर, वीरेंद्र सर, सुमन मैम, किरण मैम, अंशु मैम, विक्की सर, अजय सर एवं हरीश सर शामिल रहे। वहीं किरण मैम, अंशु मैम एवं विक्की सर को उनके उत्कृष्ट नेतृत्व एवं कार्यों के लिए ‘बेस्ट प्रिंसिपल अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया।

विद्यालय की डायरेक्टर लक्ष्मी साहू ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य भटगांव एवं आसपास के क्षेत्रों के प्रत्येक विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण और संस्कारयुक्त शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने सम्मानित विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए अभिभावकों के विश्वास और सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों ने विद्यालय के अनुशासित वातावरण, उत्कृष्ट शैक्षणिक गुणवत्ता और लगातार बेहतर परीक्षा परिणामों की सराहना की। समारोह के अंत में सभी अतिथियों एवं अभिभावकों के लिए चाय एवं नाश्ते की व्यवस्था की गई।

Related Articles

Back to top button