छत्तीसगढ़

विस मानसून सत्र से पहले BJP की तैयारी तेज, विधायक दल की बैठक आज

रायपुर, 7 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ विधानसभा के आगामी मानसून सत्र से पहले भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार, 7 जुलाई की शाम 7 बजे नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में भाजपा विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। विधायक दल के सचिव ने सभी भाजपा विधायकों को बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश जारी किए हैं।

बैठक में 13 जुलाई से शुरू होने वाले विधानसभा के मानसून सत्र को लेकर सरकार की रणनीति पर विस्तार से चर्चा होगी। विपक्ष द्वारा उठाए जाने वाले संभावित मुद्दों, सरकार की प्राथमिकताओं और सदन में पेश किए जाने वाले महत्वपूर्ण विषयों पर मंथन किया जाएगा। साथ ही विभिन्न विभागों से जुड़े अहम मामलों की समीक्षा कर विधायकों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को राज्यपाल रमेन डेका से भी मुलाकात की थी। इसके बाद बुलाई गई विधायक दल की बैठक को विधानसभा सत्र की तैयारियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

बता दें कि छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र 13 जुलाई से 17 जुलाई तक आयोजित होगा। पांच दिवसीय इस सत्र में वित्तीय एवं शासकीय कार्यों के साथ-साथ जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। विपक्ष के सरकार को घेरने की तैयारी के बीच भाजपा भी अपनी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुट गई है।

Related Articles

Back to top button