राजामौली से प्रशांत नील तक, इन निर्देशकों संग Jr. NTR ने दी यादगार फिल्में..

मुंबई, 7 जुलाई 2026। भारतीय सिनेमा के ‘मैन ऑफ द मासेस’ के रूप में पहचान बना चुके जूनियर एनटीआर (Jr. NTR) ने अपनी दमदार अभिनय क्षमता, शानदार स्क्रीन प्रेजेंस और वर्सेटाइल किरदारों के दम पर करोड़ों दर्शकों का दिल जीता है। कमर्शियल सिनेमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाले एनटीआर ने अपने करियर में कई दिग्गज निर्देशकों के साथ काम कर यादगार फिल्में दी हैं। यही सफल साझेदारियां उन्हें आज भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े सितारों में शामिल करती हैं।
एस.एस. राजामौली के साथ मिली वैश्विक पहचान
निर्देशक एस.एस. राजामौली और एनटीआर की जोड़ी ने स्टूडेंट नंबर 1, सिंहाद्री, यमाडोंगा और आरआरआर जैसी सुपरहिट फिल्में दीं। खासकर आरआरआर ने विश्वभर में भारतीय सिनेमा का परचम लहराया। फिल्म के गीत नाटू नाटू ने ऑस्कर जीतकर इतिहास रचा और एनटीआर को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई।
कोरटाला शिवा संग लगातार हिट फिल्में
कोरटाला शिवा के निर्देशन में बनी जनता गैरेज और देवरा: पार्ट 1 में एनटीआर ने अपने अभिनय के अलग-अलग रंग दिखाए। एक ओर भावनात्मक अभिनय तो दूसरी ओर दमदार एक्शन अवतार ने दर्शकों का दिल जीत लिया।
त्रिविक्रम श्रीनिवास के साथ दमदार अभिनय
अरविंदा समेथा वीरा राघव में त्रिविक्रम श्रीनिवास और एनटीआर की जोड़ी को समीक्षकों और दर्शकों दोनों ने खूब सराहा। अब दोनों एक बार फिर नई फिल्म एनटीआर-त्रिविक्रम के लिए साथ आ रहे हैं, जिसे लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है।
वी.वी. विनायक ने बनाया मास हीरो
निर्देशक वी.वी. विनायक की आदि, नागा, सांबा और अधुर्स जैसी फिल्मों ने एनटीआर को तेलुगु सिनेमा का बड़ा कमर्शियल स्टार बनाया। इन फिल्मों में उनकी एक्शन, कॉमेडी और डांस का शानदार मिश्रण देखने को मिला।
पुरी जगन्नाध के साथ करियर का टर्निंग पॉइंट
पुरी जगन्नाध के निर्देशन में बनी आंध्रावाला और टेम्पर एनटीआर के करियर की अहम फिल्में रहीं। खासकर टेम्पर ने उनके अभिनय को नई पहचान दी और इसे उनके करियर का बड़ा टर्निंग पॉइंट माना जाता है।
सुकुमार ने दिखाया अलग अंदाज
सुकुमार की फिल्म नन्नाकु प्रेमथो में एनटीआर ने स्टाइलिश और बुद्धिमान किरदार निभाकर अपनी अभिनय क्षमता का नया आयाम पेश किया। यह फिल्म उनके करियर की सबसे अलग प्रस्तुतियों में गिनी जाती है।
प्रशांत नील के साथ ‘ड्रैगन’ का इंतजार
अब एनटीआर निर्देशक प्रशांत नील के साथ बहुप्रतीक्षित फिल्म ड्रैगन में नजर आएंगे। बड़े पैमाने की एक्शन फिल्मों के लिए मशहूर प्रशांत नील इस फिल्म में एनटीआर को एक नए और दमदार अवतार में पेश करने वाले हैं। फिल्म को लेकर दर्शकों में अभी से भारी उत्साह है।
एनटीआर की इन दिग्गज निर्देशकों के साथ सफल साझेदारियों ने न केवल उनके अभिनय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया, बल्कि भारतीय सिनेमा में उनकी लोकप्रियता को भी लगातार मजबूत किया है। आने वाले वर्षों में भी उनकी नई फिल्मों का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार रहेगा।



