छत्तीसगढ़

गुरुपूर्णिमा महोत्सव का न्योता लेकर मुख्यमंत्री से मिले अघोर पीठ के प्रतिनिधि

रायपुर/कुनकुरी, 12 जुलाई 2026। आगामी 29 जुलाई को गुरुपूर्णिमा के अवसर पर अघोर पीठ, श्री समवर्ती समूह महुवाटोली (कुनकुरी) में आयोजित होने वाले भव्य गुरुपूर्णिमा महोत्सव का निमंत्रण छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को सौंपा गया। अघोर पीठ के पीठाधीश्वर बाबा समूह रतन राम जी के शिष्य नागेश्वर पाठक ने मुख्यमंत्री से सौजन्य भेंट कर उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया।

इस दौरान नागेश्वर पाठक ने मुख्यमंत्री को बताया कि गुरुपूर्णिमा महोत्सव के अवसर पर हर वर्ष अघोर पीठ की ओर से सेवा और मानव कल्याण की भावना के साथ विभिन्न जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इस वर्ष भी निशक्तजनों एवं जरूरतमंद लोगों को वस्त्र, कंबल और साड़ियों का वितरण किया जाएगा। साथ ही श्रद्धालुओं एवं आमजन के लिए विशाल भंडारे का आयोजन भी रखा गया है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस अवसर पर अघोर पीठ के पूज्य आचार्य का शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया। यह सम्मान संत परंपरा, आध्यात्मिक मूल्यों और समाजसेवा के प्रति सम्मान का प्रतीक रहा।

मुख्यमंत्री ने अघोर पीठ द्वारा समाज सेवा, आध्यात्मिक जागरण और जरूरतमंद लोगों के कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सेवा, संवेदना और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने गुरुपूर्णिमा महोत्सव की सफलता के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

उल्लेखनीय है कि 29 जुलाई को आयोजित होने वाले इस गुरुपूर्णिमा महोत्सव में प्रदेश के विभिन्न जिलों से संत-महात्माओं, श्रद्धालुओं और बड़ी संख्या में नागरिकों के शामिल होने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button