रायगढ़ में 21 चोरी की बाइक बरामद, अंतरजिला वाहन चोर गिरोह के 5 सदस्य गिरफ्तार

रायगढ़, 14 जुलाई 2026। रायगढ़ पुलिस ने ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। चक्रधरनगर थाना पुलिस ने करीब 9 लाख रुपये कीमत की 21 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर 5 शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। गिरोह का नेटवर्क रायगढ़, कोरबा, सक्ती और पड़ोसी राज्य ओडिशा तक फैला हुआ था। मामले में दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत की गई।
चोरी की बाइक बेचने पहुंचे, पुलिस ने दबोचा
मामले की शुरुआत 11 जुलाई को कमला नेहरू गार्डन के सामने से चोरी हुई हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल की जांच से हुई। जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक मेडिकल कॉलेज रोड पर चोरी की बाइक बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही चक्रधरनगर पुलिस ने घेराबंदी कर अनिल मिश्रा और अमृत बहादुर को पकड़ लिया।
पूछताछ में दोनों ने अपने साथियों बोलो निषाद, चंद्रकुमार तिवारी और चंदन राय के साथ मिलकर वाहन चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर तीनों अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
21 बाइक बरामद, कई जिलों से की थीं चोरी
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने उनके बताए स्थानों से कुल 21 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इनमें अनिल मिश्रा के कब्जे से 10, बोलो निषाद से 5, चंद्रकुमार तिवारी से 4 और अमृत बहादुर से 2 बाइक मिलीं। बरामद वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई गई है।
आरोपियों ने रायगढ़, कोरबा, सक्ती जिले के डभरा और मालखरौदा क्षेत्र, ओडिशा के बरगढ़ सहित अन्य सीमावर्ती इलाकों से वाहन चोरी करने की बात कबूल की है।
कमला नेहरू पार्क सहित भीड़भाड़ वाले इलाकों को बनाते थे निशाना
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह भीड़भाड़ वाले स्थानों की रेकी कर वहां खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाता था। खासकर कमला नेहरू पार्क जैसे इलाकों में लॉक तोड़कर हीरो स्प्लेंडर और एचएफ डीलक्स जैसी मोटरसाइकिलें चोरी कर उन्हें दूसरे जिलों और राज्यों में बेच दिया जाता था।
आरोपियों ने रायगढ़ शहर के कोतवाली क्षेत्र से दो और छाल क्षेत्र से एक मोटरसाइकिल चोरी करने की बात भी स्वीकार की है।
संगठित अपराध की धाराएं जोड़ी गईं
जांच में सामने आया कि आरोपी संगठित गिरोह बनाकर लगातार वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। इसे देखते हुए पुलिस ने पहले दर्ज मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112(2) और 3(5) के तहत संगठित अपराध की धाराएं भी जोड़ दी हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में अनिल मिश्रा (38), बोलो निषाद (38), अमृत बहादुर (37), चंद्रकुमार तिवारी (37) और चंदन राय (24) शामिल हैं। सभी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
दो आरोपी फरार, पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी आए सामने
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने दो अन्य साथियों के नाम भी बताए हैं, जो फिलहाल फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
जांच में यह भी सामने आया कि अनिल मिश्रा और चंदन राय का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड है। चंदन राय वर्ष 2015 से वाहन चोरी के मामलों में संलिप्त रहा है, जबकि अनिल मिश्रा के खिलाफ भी बाइक चोरी के कई मामले दर्ज हैं।
एसएसपी बोले- संगठित अपराधियों पर कार्रवाई जारी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस वाहन चोरी जैसे संगठित अपराधों में शामिल गिरोहों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। चोरी की संपत्ति बरामद कर अपराधियों को कानून के दायरे में लाना पुलिस की प्राथमिकता है।



