छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ चुनेगा अपनी पहली राजकीय तितली, 31 अगस्त तक कर सकेंगे ऑनलाइन वोटिंग

रायपुर, 23 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ जल्द ही अपनी पहली राजकीय तितली घोषित करेगा। इसके लिए वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने प्रदेशवासियों से ऑनलाइन मतदान के जरिए सुझाव मांगे हैं। नागरिक 31 अगस्त तक गूगल फॉर्म के माध्यम से अपनी पसंदीदा तितली के पक्ष में वोट कर सकते हैं।

वन विभाग के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य प्रदेश की समृद्ध जैव विविधता को बढ़ावा देना और तितलियों के संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना है। विभाग ने अधिक से अधिक नागरिकों से इस अभियान में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि वन्यजीव संरक्षण केवल शासन की नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

तीन तितलियां दौड़ में

विशेषज्ञ समिति ने वैज्ञानिक और पारिस्थितिक मानकों के आधार पर तीन तितली प्रजातियों का चयन किया है। इनमें कॉमन बैंडेड पीकॉक (Common Banded Peacock), ऑरेंज ओकलीफ (Orange Oakleaf) और स्पॉट स्वोर्डटेल (Spot Swordtail) शामिल हैं।

इन प्रजातियों का चयन राज्य में उनकी उपलब्धता, पारिस्थितिक महत्व, संरक्षण मूल्य, विशिष्ट पहचान और आम लोगों के आकर्षण जैसे मानकों को ध्यान में रखकर किया गया है।

जनमत और विशेषज्ञों की राय से होगा फैसला

वन विभाग ने बताया कि ऑनलाइन मतदान के जरिए प्राप्त जनमत और विशेषज्ञ समिति की अनुशंसाओं के आधार पर राजकीय तितली के चयन का अंतिम प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। इसके बाद नियमानुसार आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

विद्यार्थियों और प्रकृति प्रेमियों से अपील

विभाग ने प्रदेश के विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं, शिक्षकों, प्रकृति प्रेमियों और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संगठनों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। साथ ही लोगों से अधिक से अधिक नागरिकों को मतदान के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया गया है, ताकि छत्तीसगढ़ की पहली राजकीय तितली का चयन व्यापक जनभागीदारी से हो सके।

Related Articles

Back to top button