छत्तीसगढ़

गुरु पूर्णिमा पर दिगंबर जैन बड़ा मंदिर में धार्मिक आयोजन, उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़

रायपुर, 28 जुलाई 2026। मालवीय रोड स्थित दिगंबर जैन बड़ा मंदिर में आयोजित नवोदय तीर्थ वर्षायोग चातुर्मास 2026 एवं अष्टान्हिका महापर्व के अंतर्गत धार्मिक आयोजनों का क्रम श्रद्धा और उत्साह के साथ जारी है। मुनि संघ के सानिध्य में प्रतिदिन अभिषेक, शांतिधारा, प्रवचन और भक्तांबर पाठ का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा महामहोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा।

मंगलवार को प्रातः मुनि आगम सागर के सानिध्य में मूलनायक भगवान की वेदी पर अभिषेक एवं शांतिधारा संपन्न हुई। शांतिधारा का सौभाग्य संजय जैन एवं श्रीमती दीप्ति जैन (प्रेमी परिवार, सतना) को प्राप्त हुआ।

जिनालय में प्रस्तावित लघु तीर्थ निर्माण के उद्देश्य से प्रतिदिन शाम “एक शाम प्रभु के नाम” कार्यक्रम के अंतर्गत भक्तांबर स्तोत्र का सामूहिक पाठ भी आयोजित किया जा रहा है। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्तिभाव से शामिल हो रहे हैं।

समिति के अध्यक्ष नरेंद्र जैन ‘गुरुकृपा’ एवं कार्याध्यक्ष संजय ‘नायक’ जैन ने बताया कि 29 जुलाई (बुधवार) को आषाढ़ शुक्ल पूर्णिमा के अवसर पर गुरु पूर्णिमा महामहोत्सव का आयोजन संत शिरोमणि आचार्य विद्यासागर की परंपरा के मुनि संघ के सानिध्य में होगा।

कार्यक्रम के तहत सुबह 7:30 बजे मूलनायक भगवान आदिनाथ का अभिषेक एवं शांतिधारा, 8 बजे विद्यासागर हॉल में संगीतमय पूजन और मुनि श्री के मंगल प्रवचन, 10 बजे आहारचर्या, दोपहर 3 बजे धार्मिक कक्षा तथा शाम 7 बजे भक्तांबर स्तोत्र पाठ और 7:30 बजे तत्वार्थ सूत्र की विशेष कक्षा आयोजित की जाएगी।

नवोदय तीर्थ वर्षायोग समिति 2026 एवं सकल दिगंबर जैन समाज, रायपुर ने सभी धर्मानुरागी श्रद्धालुओं से परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होकर गुरु भक्ति का लाभ लेने और धार्मिक आयोजनों में सहभागिता निभाने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button