मनोरंजन

‘नकाब’ के हाउसफुल शो में छाईं शोरा सिद्दीकी

नवाज़ुद्दीन संग एक्टिंग की जमकर हो रही तारीफ

मुंबई, 28 जुलाई 2026। अभिनेता नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी की थिएटर में दमदार वापसी लगातार सुर्खियां बटोर रही है। उनके चर्चित नाटक ‘नकाब’ के अमेरिका दौरे के सभी शो दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया प्राप्त कर रहे हैं। लगातार हाउसफुल चल रहे इस थिएटर प्रोडक्शन के बीच नवाज़ुद्दीन की बेटी शोरा सिद्दीकी भी अपनी अभिनय क्षमता से दर्शकों का दिल जीत रही हैं।

हाल ही में शिकागो में हुए हाउसफुल शो के बाद नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी ने सोशल मीडिया के जरिए दर्शकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, “शिकागो की ऑडियंस को बहुत-बहुत धन्यवाद। हमारी पूरी टीम हाउसफुल शो और आपके शानदार रिस्पॉन्स के लिए हमेशा आपकी शुक्रगुजार रहेगी।”

इस थिएटर टूर में पिता-पुत्री की जोड़ी दर्शकों के बीच खास आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। जहां नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी अपनी दमदार स्टेज प्रेजेंस से दर्शकों को प्रभावित कर रहे हैं, वहीं शोरा सिद्दीकी की सहज और आत्मविश्वास से भरी प्रस्तुति को भी खूब सराहा जा रहा है।

शिकागो शो के बाद कई दर्शकों ने शोरा के अभिनय की खुलकर प्रशंसा की। एक दर्शक ने कहा, “पहली बार शोरा सिद्दीकी को स्टेज पर देखा और उन्होंने शानदार काम किया।” वहीं दूसरे दर्शक ने कहा, “नवाज़ुद्दीन और शोरा की परफॉर्मेंस देखना शानदार अनुभव रहा।” कई अन्य दर्शकों ने भी उनकी अभिनय क्षमता की तारीफ करते हुए उन्हें “कमाल की अभिनेत्री” बताया।

लगातार मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रियाओं के बीच ‘नकाब’ का अमेरिकी दौरा सफलतापूर्वक आगे बढ़ रहा है। थिएटर प्रेमियों का मानना है कि नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी ने एक बार फिर अपनी बहुमुखी अभिनय प्रतिभा साबित की है, जबकि शोरा सिद्दीकी ने अपने आत्मविश्वास और प्रभावशाली प्रदर्शन से यह संकेत दिया है कि वह भी अभिनय की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने की क्षमता रखती हैं।

Related Articles

Back to top button