बिलाईगढ़ आंदोलन का असर! CMO सुशील चौधरी का तबादला…

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 1 अगस्त 2026। नगर पंचायत बिलाईगढ़ में विकास कार्यों और सीएमओ के खिलाफ चल रहे जनआंदोलन के बीच बड़ा प्रशासनिक फैसला सामने आया है। 1 अगस्त को नगर पंचायत सीएमओ सुशील चौधरी का तबादला कर दिया गया।
गौरतलब है कि हाल ही में बिलाईगढ़ के इंद्रा मार्केट के पास ‘बिलाईगढ़ बंद एवं चक्का जाम’ के आह्वान पर बड़ी संख्या में व्यापारी, नागरिक और विभिन्न सामाजिक-राजनीतिक संगठनों के लोग धरने पर बैठे थे। प्रदर्शनकारियों ने गौरव पथ का अधूरा निर्माण पूरा करने, व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स का निर्माण शुरू करने, मेन रोड से गुजरने वाली सभी बसों का बिलाईगढ़ में संचालन सुनिश्चित करने तथा तत्कालीन सीएमओ सुशील चौधरी को हटाने की मांग की थी।
आंदोलन के दौरान व्यापारियों ने आरोप लगाया था कि नगर विकास से जुड़े कई मुद्दों पर बार-बार ज्ञापन देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने सीएमओ की कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए कहा था कि नगर हित की अनदेखी की जा रही है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी थी कि यदि उनकी मांगों पर तत्काल निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन अगले पांच दिनों तक जारी रहेगा और बिलाईगढ़ नगर पंचायत सहित दोमुहानी मुख्य सड़क पर लगातार चक्का जाम किया जाएगा।



