राष्ट्रीय सम्मान से बढ़ा रामनामी समाज का मान, जिला प्रशासन ने किया अभिनंदन

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 1 अगस्त 2026। रामनामी समाज पर बनी राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता डॉक्यूमेंट्री की उपलब्धि का जश्न मनाते हुए सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सरसीवां स्थित मार्को सिनेप्लेक्स में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू, पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा तथा जनप्रतिनिधियों ने रामनामी समाज के प्रतिनिधियों को शॉल और रामचरितमानस भेंट कर सम्मानित किया।
समारोह के दौरान राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त रामनामी समाज पर आधारित डॉक्यूमेंट्री का विशेष प्रदर्शन भी किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने कहा कि रामनामी समाज की परंपरा और संस्कृति पर बनी डॉक्यूमेंट्री को राष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ डॉक्यूमेंट्री (बेस्ट डॉक्यूमेंट्री) का सम्मान मिलना पूरे जिले और प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय पहचान दिलाने वाली है।
वहीं, रामनामी समाज के सचिव गुलाराम रामनामी ने इस सम्मान को पूरे समाज और छत्तीसगढ़ की उपलब्धि बताया। उन्होंने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रामनामी परंपरा केवल आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि नशामुक्ति, सामाजिक सद्भाव और जाति-भेद से ऊपर उठकर मानवता का संदेश देने वाली विरासत है। उन्होंने लोगों से इन मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की।
समारोह में समाज के वरिष्ठजन, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।



