‘धुरंधर’ के लिए रणवीर ही क्यों थे परफेक्ट चॉइस? ज्योति देशपांडे ने खोला राज

मुंबई, 1 अगस्त 2026। रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ बॉक्स ऑफिस के साथ-साथ दर्शकों और समीक्षकों के बीच भी चर्चा का विषय बनी हुई है। फिल्म में ‘हमजा’ के किरदार में रणवीर सिंह के अभिनय की जमकर सराहना हो रही है। अब फिल्म की को-प्रोड्यूसर ज्योति देशपांडे ने खुलासा किया है कि इस भूमिका के लिए रणवीर सिंह को चुनना क्यों सबसे सही फैसला था।
ज्योति देशपांडे ने कहा कि रणवीर सिंह की सबसे बड़ी खूबी यह है कि वह हर किरदार में पूरी तरह ढल जाते हैं और खुद को उस चरित्र के अनुरूप बदल लेते हैं। उन्होंने कहा कि रणवीर केवल अभिनय नहीं करते, बल्कि अपने किरदार को पूरी तरह जीते हैं।
रणवीर के साथ अपने लंबे अनुभव को साझा करते हुए ज्योति ने कहा, “मैंने रणवीर के साथ ‘राम लीला’ और ‘बाजीराव मस्तानी’ में काम किया है। वह हर फिल्म में अलग नजर आते हैं। जब उन्हें बाजीराव बनना होता है तो वह बाजीराव बन जाते हैं, खिलजी का किरदार निभाते हैं तो पूरी तरह उसी रूप में ढल जाते हैं और ‘गली बॉय’ में भी उन्होंने खुद को पूरी तरह बदल लिया था। यही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।”
उन्होंने आगे बताया कि आदित्य और उन्हें दोनों को विश्वास था कि ‘धुरंधर’ के लिए रणवीर सिंह से बेहतर कोई विकल्प नहीं हो सकता।
फिल्म में रणवीर सिंह द्वारा निभाया गया हमजा का किरदार दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय हो गया है। उनकी दमदार स्क्रीन प्रेजेंस और भावनात्मक अभिनय को सोशल मीडिया पर भी जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है। फैंस इस किरदार को ‘हमजा फिनॉमिना’ के नाम से भी पहचान रहे हैं।
रणवीर सिंह की इस परफॉर्मेंस को फिल्म समीक्षकों और इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने भी खूब सराहा है। कई लोगों का मानना है कि ‘धुरंधर’ में हमजा के किरदार के लिए रणवीर सिंह राष्ट्रीय पुरस्कार के प्रबल दावेदार हैं।



