स्वावलंबन से व्यापार तक, चेम्बर का मेगा अभियान शुरू
युवाओं के लिए स्टडी टूर और जागरूकता कार्यक्रम

भिलाई, 3 अगस्त 2026। चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज भिलाई एवं स्वावलंबी भारत अभियान के संयुक्त तत्वावधान में वर्ष 2026 के शेष महीनों में व्यापार, उद्योग, युवा सशक्तिकरण और स्थानीय बाजारों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न जनहितैषी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का नेतृत्व प्रदेश महामंत्री अजय भसीन और भिलाई चेम्बर अध्यक्ष गार्गी शंकर मिश्रा करेंगे।
पत्रकार वार्ता में अजय भसीन ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य व्यापारियों के हितों की रक्षा करना, युवाओं को स्वावलंबन के लिए प्रेरित करना और समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है। उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत 16 जुलाई से कर्मकार व्यक्तित्व विकास प्रशिक्षण शिविर के साथ हो चुकी है, जिसका दूसरा चरण शनिवार को संपन्न हुआ। शिविर में विभिन्न प्रतिष्ठानों के कर्मचारियों ने व्यक्तित्व विकास और कौशल उन्नयन का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
उन्होंने बताया कि अगस्त से अभियान को और व्यापक रूप दिया जाएगा। 22 अगस्त से 2 अक्टूबर तक शहर के 10 स्कूलों और 10 महाविद्यालयों में “जिंदगी न मिलेगी दोबारा” विषय पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ विद्यार्थियों को स्वावलंबन, भारतीय संस्कार, नैतिक जिम्मेदारी, व्यक्तित्व विकास, राष्ट्र निर्माण और जीवन में सही दिशा के महत्व पर प्रेरित करेंगे।
इसके साथ ही, 17 से 23 अगस्त तक जेनरेशन-ज़ेड (Gen Z) के 30 चयनित युवाओं को अहमदाबाद अध्ययन भ्रमण पर ले जाया जाएगा। इस दौरान उन्हें आधुनिक उद्योग, स्टार्टअप इकोसिस्टम, नवाचार, नई तकनीक और उद्यमिता के अवसरों से परिचित कराया जाएगा, ताकि वे भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार हो सकें।
चेम्बर का मानना है कि यह अभियान व्यापार, रोजगार और युवा स्वावलंबन को नई दिशा देने के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।



