विजय शर्मा ने किया 18 किमी लंबी भोरमदेव पदयात्रा का शुभारंभ
श्रावण के पहले सोमवार उमड़ा आस्था का सैलाब

कवर्धा, 03 अगस्त 2026। श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर ऐतिहासिक, पुरातात्विक और आस्था के प्रमुख केंद्र बाबा भोरमदेव मंदिर के लिए आयोजित भव्य भोरमदेव पदयात्रा का शुभारंभ सोमवार सुबह पंचमुखी बूढ़ा महादेव मंदिर, कवर्धा से श्रद्धा और उत्साह के साथ हुआ। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने विधिवत पूजा-अर्चना एवं अभिषेक कर 18 किलोमीटर लंबी पदयात्रा का शुभारंभ किया।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान भोलेनाथ की पूजा करने के बाद उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद वे स्वयं भी हजारों शिवभक्तों के साथ पदयात्रा में शामिल हुए।
करीब 18 किलोमीटर लंबी इस पदयात्रा में कबीरधाम जिले सहित प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालुओं के हाथों में भगवा ध्वज, कंधों पर कांवड़ और मुख से गूंजते “हर-हर महादेव”, “बोल बम” और “जय भोलेनाथ” के जयघोष से पूरा मार्ग भक्तिमय हो उठा।
यात्रा के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक दलों ने भगवान शिव की बारात और शिवगणों की आकर्षक झांकियां एवं प्रस्तुतियां दीं, जिसने श्रद्धालुओं का उत्साह और बढ़ा दिया। शिवभक्ति में सराबोर श्रद्धालु बाबा भोरमदेव मंदिर पहुंचकर जलाभिषेक और दर्शन के लिए पूरे जोश के साथ आगे बढ़ते रहे।
पदयात्रा मार्ग पर विभिन्न गांवों के ग्रामीणों, सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवकों ने शिवभक्तों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह पेयजल, चाय, नाश्ता और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई, जिससे यात्रा सुचारु और सुरक्षित रूप से आगे बढ़ती रही।
श्रावण के पहले सोमवार पर आयोजित यह भव्य पदयात्रा एक बार फिर बाबा भोरमदेव के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और धार्मिक उत्साह का प्रतीक बनी।



