रायपुर में मुनि आगम सागर महाराज ससंघ का ऐतिहासिक चातुर्मास शुरू
कलश स्थापना के साथ 'लघु तीर्थ' निर्माण को मिली नई गति

रायपुर, 3 अगस्त 2026। राजधानी रायपुर के मालवीय रोड स्थित श्री दिगंबर जैन बड़ा मंदिर में रविवार को नवोदय तीर्थ श्री दिगंबर जैन आदिश्वर धाम में मुनि आगम सागर महाराज ससंघ के वर्षायोग (चातुर्मास) 2026 की भव्य कलश स्थापना श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के बीच संपन्न हुई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जैन धर्मावलंबियों ने भाग लेकर धर्मलाभ अर्जित किया। पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण, जयकारों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंज उठा।
नवोदय तीर्थ समयोपदेश वर्षायोग 2026 समिति के अध्यक्ष नरेंद्र जैन गुरुकृपा और कार्यकारी अध्यक्ष संजय नायक जैन ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः श्रीजी के अभिषेक एवं शांतिधारा से हुई। इसके बाद ध्वजारोहण, नवधाभक्ति, आहारचर्या, आचार्य पूजन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। महिला मंडल ने संगीतमय भजनों और नृत्य के माध्यम से आचार्य श्री की पूजन कर वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया।
मुनि श्री ने दिया ‘लघु तीर्थ’ निर्माण का संदेश
दोपहर में आयोजित कलश स्थापना समारोह के दौरान मुनि आगम सागर महाराज ने अपने मंगल प्रवचन में कहा कि मालवीय रोड स्थित लगभग 150 वर्ष पुराने अतिशयकारी दिगंबर जैन मंदिर का पुनर्निर्माण कर इसे ‘लघु तीर्थ’ के रूप में विकसित करने का संकल्प संत शिरोमणि आचार्य विद्यासागर महाराज ने अपने रायपुर प्रवास के दौरान दिया था। उन्होंने कहा कि वर्तमानाचार्य समय सागर महाराज की प्रेरणा से इस संकल्प को अब साकार करने का समय आ गया है और पूरा समाज मिलकर इस कार्य को शीघ्र पूर्ण करे।
मुनिश्री ने बताया कि प्रस्तावित लघु तीर्थ में तीन मंजिला भव्य जिनालय, त्रिकाल चौबीसी, सहस्रकूट जिनालय, संत निवास, आधुनिक धर्मशाला, पार्किंग और सुंदर उद्यान का निर्माण किया जाएगा, जो रायपुर को जैन धर्म का एक महत्वपूर्ण आध्यात्मिक केंद्र बनाएगा।
भव्य धार्मिक अनुष्ठान और कलश स्थापना
कार्यक्रम में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों के साथ अनेक श्रद्धालु परिवारों ने अभिषेक, शांतिधारा, ध्वजारोहण और मुनि संघ की आहारचर्या का सौभाग्य प्राप्त किया। वहीं कलश स्थापना के दौरान मुख्य एवं विभिन्न विशेष कलशों की बोलियां लगाकर समाज के कई परिवारों ने पुण्य अर्जित किया।
समिति के अनुसार, वर्षायोग के दौरान आगामी चार माह तक धार्मिक प्रवचन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्वाध्याय, तप, आराधना और सामाजिक गतिविधियों का सिलसिला जारी रहेगा। साथ ही ‘लघु तीर्थ’ निर्माण अभियान को भी गति दी जाएगी।
कार्यक्रम के अंत में दिगंबर जैन बड़ा मंदिर ट्रस्ट, नवोदय तीर्थ समयोपदेश वर्षायोग समिति और सकल दिगंबर जैन समाज रायपुर ने सभी श्रद्धालुओं, समाजजनों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।



