छत्तीसगढ़

रायपुर में पकड़ाया 191 किलो गांजा, 2 अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

रायपुर, 4 अगस्त 2026। राजधानी की तेलीबांधा थाना पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 191 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 19 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने मामले में पश्चिम बंगाल के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक अशोक लीलैंड ट्रक के जरिए बड़ी मात्रा में गांजा रायपुर से होकर दूसरे स्थान पर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस और एएनटीएफ की टीम ने अग्रसेन धाम के पास सर्विस रोड पर घेराबंदी कर ट्रक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक में छिपाकर रखा गया 191 किलो गांजा बरामद हुआ।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया और उसमें सवार दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उनकी पहचान पश्चिम बंगाल निवासी मोहम्मद लाल और मोहम्मद रूस्तम के रूप में हुई। पूछताछ के बाद दोनों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था। साथ ही इस तस्करी के पीछे सक्रिय पूरे नेटवर्क और संभावित अंतरराज्यीय गिरोह की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं।

रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने बताया कि नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। गांजा, अफीम, चरस और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए थाना पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे तथा नशे के कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

फिलहाल जब्त गांजा, ट्रक और अन्य साक्ष्यों को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button