भोरमदेव पदयात्रा में सेवा का संदेश, सर्व यादव समाज ने लगाया ‘सेवा स्टॉल’

कबीरधाम, 4 अगस्त 2026। सावन मास के प्रथम सोमवार पर आयोजित ऐतिहासिक भोरमदेव पदयात्रा में जहां हजारों शिवभक्त “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ 18 किलोमीटर की पदयात्रा पर निकले, वहीं सर्व यादव समाज कबीरधाम ने श्रद्धालुओं की सेवा कर सामाजिक समर्पण की मिसाल पेश की। समाज की ओर से पहली बार भोरमदेव मार्ग पर सेवा स्टॉल लगाकर हजारों पदयात्रियों को शीतल जल और फल वितरित किए गए।
जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश यदु के मार्गदर्शन और युवा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष चंद्रेश यादव के नेतृत्व में आयोजित इस सेवा शिविर में पूरे दिन श्रद्धालुओं की सेवा की गई। पदयात्रियों ने समाज की इस पहल की सराहना करते हुए इसे धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
उपमुख्यमंत्री समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने की सराहना
सेवा शिविर में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा विशेष रूप से पहुंचे और शिवभक्तों की सेवा में जुटे युवाओं का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान छत्तीसगढ़ शासन के सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी, मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानंद तथा कबीरधाम के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव ने भी स्टॉल का अवलोकन कर सेवा कार्य की प्रशंसा की।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, राज परिवार के युवराज मैकलेश्वर राज, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि लोकचंद साहू, जिला पंचायत सभापति प्रतिनिधि मनीराम साहू, पूर्व पार्षद संतोष यादव, कवर्धा नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक अग्रवाल और विधायक प्रतिनिधि गोलू यादव सहित कई जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
वरिष्ठों के मार्गदर्शन में युवाओं ने संभाली जिम्मेदारी
सेवा अभियान को सफल बनाने में सर्व यादव समाज के कार्यकारी अध्यक्ष धनीराम यादव, सचिव कनस राम यादव और कोषाध्यक्ष पवन यादव का मार्गदर्शन मिला। वहीं युवा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष चंद्रेश यादव, उपाध्यक्ष दिनेश यादव और चंद्रकांत यादव, महामंत्री रूपेश यादव, सचिव राकेश यादव, सह-कोषाध्यक्ष तुलसी यादव तथा महासचिव श्याम यादव सहित बड़ी संख्या में समाज के युवाओं ने सेवा कार्य में सक्रिय भूमिका निभाई।
समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि धार्मिक आयोजनों में सेवा को सर्वोच्च धर्म मानते हुए भविष्य में भी ऐसे जनसेवा कार्य निरंतर जारी रखे जाएंगे।



