बच्चों की सुरक्षा और महिला सम्मान पर जागरूकता कार्यक्रम, शकुंतला फाउंडेशन को मिला सम्मान

इंदौर, 9 अगस्त 2026। बच्चों की सुरक्षा और महिलाओं के सम्मान को लेकर शकुंतला फाउंडेशन द्वारा डीएवी मोनेट स्कूल, इंदौर में शनिवार को विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और शिक्षक-शिक्षिकाओं को POCSO Act 2012 और विशाखा एक्ट 2013 के प्रावधानों, अधिकारों और शिकायत की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना, सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना और किसी भी तरह के शोषण या उत्पीड़न की स्थिति में बिना डर उचित कदम उठाने के लिए प्रेरित करना था। शिक्षकों को भी बच्चों की सुरक्षा और रिपोर्टिंग प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
अधिवक्ता अनामिका गुहा रॉय ने समझाए POCSO के प्रावधान
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता अधिवक्ता एवं एग्जीक्यूटिव काउंसलर मेंबर अनामिका गुहा रॉय ने विद्यार्थियों को सरल भाषा में POCSO Act के प्रावधान समझाए। उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के साथ होने वाले यौन दुर्व्यवहार और शोषण के मामलों में कानून के तहत कड़ी कार्रवाई का प्रावधान है।
उन्होंने विद्यार्थियों को किसी भी परेशानी की स्थिति में चुप न रहने और 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन पर संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।
महिलाओं के अधिकार और आत्मविश्वास पर भी चर्चा
कार्यक्रम की विशेष अतिथि एवं शकुंतला फाउंडेशन छत्तीसगढ़ की संस्थापिका एवं निदेशक स्मिता सिंह ने विशाखा एक्ट 2013 के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कार्यस्थल और शिक्षण संस्थानों में महिलाओं को सम्मानजनक एवं सुरक्षित वातावरण मिलना उनका अधिकार है।
उन्होंने छात्राओं को आत्मरक्षा, आत्मविश्वास और अनुचित व्यवहार के खिलाफ स्पष्ट रूप से ‘ना’ कहने की शक्ति के बारे में भी मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम में विशाल भैया का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता डीएवी मोनेट स्कूल की प्राचार्या श्रीमती रितु चौधरी ने की। उन्होंने कहा कि स्कूल का उद्देश्य केवल शिक्षा देना नहीं, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाने की बात कही।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रीतिश तंबोली और ज्योति मेम की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके समन्वय से कार्यक्रम व्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ।
शकुंतला फाउंडेशन को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के समापन पर डीएवी मोनेट स्कूल की प्राचार्या श्रीमती रितु चौधरी ने शकुंतला फाउंडेशन, छत्तीसगढ़ को सामाजिक कार्यों और जागरूकता अभियान में योगदान के लिए स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
वहीं, संस्था की ओर से भी स्कूल प्रबंधन और स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आभार पत्र प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन और 181 महिला हेल्पलाइन के बारे में जानकारी दी गई। छात्र-छात्राओं को किसी भी समस्या की स्थिति में बिना डर अपनी बात रखने और मदद लेने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण और अभिभावक उपस्थित रहे।



