छत्तीसगढ़

उद्योगों में हादसों पर कांग्रेस का हल्लाबोल, सुरक्षा ऑडिट और कार्रवाई की मांग

रायपुर, 14 अगस्त 2026। राजधानी और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में लगातार हो रहे हादसों को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस असंगठित क्षेत्र समस्या निवारण प्रकोष्ठ ने औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद सिद्दीक के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने विभाग के आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर औद्योगिक इकाइयों में तत्काल व्यापक सुरक्षा ऑडिट कराने और लापरवाही बरतने वाले प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

मोहम्मद सिद्दीक ने आरोप लगाया कि उद्योगों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण लगातार मजदूरों की जान जा रही है। उन्होंने कहा कि मुनाफे की होड़ में सुरक्षा व्यवस्था कमजोर पड़ रही है और प्रशासन प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहा है।

हालिया हादसों का हवाला देकर उठाए सवाल

कांग्रेस प्रकोष्ठ ने हाल के कई औद्योगिक हादसों का हवाला देते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। ज्ञापन में ग्राम कन्हेरा स्थित सौरभ (सागर) टीएमटी में फर्नेस ब्लास्ट से मजदूरों के झुलसने, उरला की 3D कंपनी में हादसे में तीन मजदूरों की मौत, रायपुर-बलौदाबाजार स्टील प्लांट में गर्म राख गिरने से छह मजदूरों की मौत और सिलतरा स्थित गोदावरी पावर में फर्नेस स्लैग हादसे में छह लोगों की मौत का उल्लेख किया गया।

प्रकोष्ठ का आरोप है कि इन घटनाओं से औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा प्रोटोकॉल के पालन की गंभीर स्थिति सामने आती है।

फर्नेस, क्रेन और गैस सिलेंडरों की जांच की मांग

कांग्रेस ने उरला, सिलतरा और भनपुरी समेत जिले के सभी औद्योगिक क्षेत्रों में फर्नेस, क्रेन, गैस सिलेंडर और अन्य सुरक्षा उपकरणों का विशेषज्ञ टीम से तत्काल तकनीकी निरीक्षण कराने की मांग की है।

इसके अलावा सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाली औद्योगिक इकाइयों और हादसों के लिए जिम्मेदार लोगों पर कानूनी कार्रवाई, मृतक मजदूरों के परिवारों को उचित मुआवजा और घायलों का नि:शुल्क इलाज सुनिश्चित करने की मांग भी की गई है।

कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

मोहम्मद सिद्दीक ने चेतावनी दी कि यदि औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग और राज्य सरकार ने मजदूरों की सुरक्षा को लेकर जल्द ठोस कदम नहीं उठाए, तो कांग्रेस का असंगठित क्षेत्र प्रकोष्ठ मजदूरों को लामबंद कर आंदोलन करेगा।

ज्ञापन सौंपने वालों में प्रकोष्ठ के महासचिव शाहिद खान, सचिव प्रदुम्न शर्मा, अजय दास सन्नी और विजय बाफना सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button