आधी रात वैद्य फूड में प्रशासन की दबिश, 200 किलो पनीर जब्त
महासमुंद में राजस्व, खाद्य-औषधि प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, जांच के लिए भेजा गया नमूना

रायपुर, 17 अगस्त 2026। महासमुंद के भलेसर रोड स्थित वैद्य फूड में देर रात प्रशासन की संयुक्त टीम ने दबिश देकर करीब 200 किलो पनीर जब्त किया। पनीर के निर्माण और उसकी गुणवत्ता को लेकर संदेह के बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने नमूना जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, रायपुर भेजा है।
रात करीब 12 बजे राजस्व, खाद्य एवं औषधि प्रशासन और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम वैद्य फूड पहुंची। करीब तीन घंटे चली कार्रवाई के दौरान संस्थान में मध्यरात्रि में पनीर का निर्माण किए जाने की स्थिति सामने आई। मौके पर उपलब्ध पनीर और निर्माण में इस्तेमाल की जा रही सामग्री की गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर अधिकारियों ने लगभग 200 किलोग्राम पनीर जब्त किया।
अधिकारियों ने मौके पर खाद्य सामग्री और निर्माण प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी भी जुटाई। इसके बाद सुबह सील किए गए कोल्ड स्टोरेज को नियमानुसार खोलकर वहां रखी खाद्य सामग्री की जांच की गई।
लैब रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
अभिहित अधिकारी उमेश कुमार ने बताया कि जब्त पनीर का नमूना राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, रायपुर भेजा गया है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा अधिनियम और संबंधित प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने कहा कि कार्रवाई का उद्देश्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और प्रतिबंधित या मिलावटी खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण रखना है। उपभोक्ताओं की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।



