मैक्सवेल फैमिली में बढ़ी रौनक, विनी रमन ने शेयर की ‘माइया’ के आने की खुशखबरी

स्पोर्ट्स डेस्क। ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल के घर एक बार फिर खुशियों ने दस्तक दी है। उनकी पत्नी विनी रमन ने बेटी को जन्म दिया है। मैक्सवेल और विनी ने अपने दूसरे बच्चे के रूप में नन्ही परी का स्वागत किया है। दोनों ने अपनी बेटी का नाम माइया मैक्सवेल रखा है।
इस खुशखबरी की जानकारी मैक्सवेल और विनी रमन ने मंगलवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए साझा की। पोस्ट में उन्होंने अपनी बेटी की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “हमारी सपनों की बेटी का आगमन हो गया है, माइया मैक्सवेल।” इस घोषणा के बाद क्रिकेट जगत और दुनियाभर के प्रशंसकों की ओर से उन्हें बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया।
दूसरी बार माता-पिता बने मैक्सवेल-विनी
ग्लेन मैक्सवेल और विनी रमन पहले से एक बेटे के माता-पिता हैं। उनके बेटे लोगन मेवरिक मैक्सवेल का जन्म 11 सितंबर 2023 को हुआ था। अब बेटी के जन्म के साथ मैक्सवेल परिवार चार सदस्यों का हो गया है।
2013 में हुई थी पहली मुलाकात
ग्लेन मैक्सवेल और विनी रमन की पहली मुलाकात दिसंबर 2013 में हुई थी। शुरुआती दोस्ती के बाद दोनों का रिश्ता आगे बढ़ा और 2017 में उन्होंने अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया। फरवरी 2020 में दोनों ने सगाई की घोषणा की थी।
इसके बाद 27 मार्च 2022 को मेलबर्न में दोनों शादी के बंधन में बंधे। मैक्सवेल और विनी ने अलग-अलग रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह समारोह आयोजित किए थे। इनमें पारंपरिक ईसाई विवाह के साथ तमिल ब्राह्मण रीति-रिवाज से भी समारोह हुआ था।
शादी के दौरान ग्लेन मैक्सवेल पारंपरिक सुनहरी शेरवानी में नजर आए थे। अब बेटी के जन्म की खबर के बाद क्रिकेट जगत से लेकर प्रशंसकों तक मैक्सवेल और उनके परिवार को लगातार शुभकामनाएं मिल रही हैं।



