छत्तीसगढ़

जांजगीर-चांपा में विकास कार्यों की समीक्षा, मंत्री चौधरी बोले- गुणवत्ता से समझौता नहीं

जांजगीर-चांपा, 20 अगस्त 2026। वित्त मंत्री एवं जांजगीर-चांपा जिले के प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर जिले में संचालित योजनाओं, विकास कार्यों और निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न हो और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं।

मंत्री चौधरी ने कहा कि आम नागरिकों से जुड़े कार्यों का त्वरित निराकरण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने भ्रष्टाचार और लापरवाही की शिकायत मिलने पर संबंधितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों और कर्मचारियों को मुख्यालय में उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता और तत्परता से निराकरण करने कहा।

मेडिकल कॉलेज और नालंदा परिसर के काम में तेजी के निर्देश

समीक्षा के दौरान निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, नालंदा परिसर सहित अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। मंत्री ने इन कार्यों को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने और जिले की प्राथमिकता वाले विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने कहा।

बिजली कटौती पर जताई नाराजगी, सड़कों की मरम्मत के निर्देश

बारिश के दौरान बार-बार विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति पर मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने विद्युत व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और खराबी आने पर तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए।

बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों और गड्ढों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए गए, ताकि आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो।

राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में हो निराकरण

राजस्व विभाग की समीक्षा करते हुए चौधरी ने कहा कि राजस्व से जुड़े मामले सीधे आम नागरिकों और ग्रामीणों से संबंधित होते हैं। इसलिए इनका निर्धारित समय-सीमा में निराकरण किया जाए, ताकि लोगों को अपने काम के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

उन्होंने विकास कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से आमंत्रित करने के निर्देश भी दिए।

पीएम सूर्यघर और आवास योजना पर भी फोकस

मंत्री ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने और गुणवत्तापूर्ण सोलर पैनल लगाने के निर्देश दिए। योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर दिया गया।

प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान हितग्राहियों को किस्त जारी करने में देरी नहीं करने तथा योजना के क्रियान्वयन में अनावश्यक परेशानी से बचाने के निर्देश दिए गए।

महतारी वंदन के शेष हितग्राहियों की ई-केवाईसी जल्द कराने कहा

महतारी वंदन योजना की समीक्षा के दौरान मंत्री ने शेष हितग्राहियों की ई-केवाईसी के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही वीबी-जी राम जी योजना के तहत निर्माणाधीन और मरम्मत किए जा रहे आंगनबाड़ी केंद्रों के कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने कहा।

किसानों को आधुनिक खेती के लिए करें प्रोत्साहित

उद्यानिकी विभाग की समीक्षा के दौरान किसानों को फल एवं सब्जी उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए। कृषि विभाग से खाद और बीज की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग को लेकर किसानों में जागरूकता बढ़ाने कहा गया।

अवैध रेत उत्खनन पर सख्ती के निर्देश

मंत्री ने जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने और नियमों के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा गया।

बैठक में ई-ऑफिस, ई-अटेंडेंस और कानून-व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को शासन की योजनाओं और विकास कार्यों का जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए पात्र लोगों तक समय पर योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।

बैठक में जांजगीर-चांपा लोकसभा सांसद कमलेश जांगड़े, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button