चॉइस सेंटर से घर बैठे मिलेगी मुफ्त कानूनी सलाह, रायपुर में टेली-लॉ पर कार्यशाला

रायपुर, 22 अगस्त 2026। ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों के लोगों को आसानी से कानूनी परामर्श उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रायपुर में टेली-लॉ सेवा को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें चॉइस सेंटर संचालकों को योजना की जानकारी और सेवा के प्रभावी क्रियान्वयन की प्रक्रिया समझाई गई।
चॉइस सेंटर से विशेषज्ञ वकीलों से ले सकेंगे सलाह
सीएससी के राज्य प्रबंधक जय नारायण पटेल ने बताया कि भारत सरकार के न्याय विभाग ने सीएससी ई-गवर्नेंस सर्विस इंडिया लिमिटेड के माध्यम से टेली-लॉ सेवा उपलब्ध कराई है। इसके जरिए नागरिक अपने नजदीकी चॉइस सेंटर से वीडियो या ऑडियो कॉल के माध्यम से विशेषज्ञ वकीलों से कानूनी सलाह ले सकते हैं।
महिलाओं और वंचित वर्गों को विशेष लाभ
न्याय विभाग की संचालक नेहा गुप्ता ने बताया कि महिलाओं, बच्चों, अनुसूचित जाति-जनजाति, दिव्यांगजनों और कम आय वर्ग के लोगों के लिए यह कानूनी परामर्श पूरी तरह निःशुल्क है। पारिवारिक विवाद, जमीन-जायदाद, घरेलू हिंसा, मजदूरी और एफआईआर से संबंधित मामलों में भी नागरिक कानूनी राय ले सकते हैं।
हर चॉइस सेंटर में प्रचार-प्रसार के निर्देश
कार्यशाला को संबोधित करते हुए रायपुर कलेक्टर गौरव सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सही कानूनी जानकारी के अभाव में कई लोग अपने अधिकारों से वंचित रह जाते हैं। टेली-लॉ सेवा ऐसे लोगों के लिए महत्वपूर्ण माध्यम है।
उन्होंने जिले के प्रत्येक चॉइस सेंटर में योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि जरूरतमंद लोग अपने गांव में रहते हुए विषय-विशेषज्ञ वकीलों से सलाह प्राप्त कर सकें। ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकारियों और कर्मचारियों को भी योजना की जानकारी देने के लिए प्रशिक्षण पर जोर दिया गया।
पंचायत स्तर पर लगेंगे जागरूकता शिविर
जिला पंचायत सीईओ कुमार विश्वरंजन ने कहा कि टेली-लॉ सेवा को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में ग्राम पंचायतों और चॉइस सेंटर संचालकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने स्व-सहायता समूहों, किसानों और ग्रामीणों को इस डिजिटल कानूनी सेवा से जोड़ने के लिए पंचायत स्तर पर विशेष जागरूकता शिविर आयोजित करने की बात कही।
कार्यशाला में सीएससी के बीटूसी प्रबंधक कृष्णनंदन कुमार, शिक्षा, कौशल, स्वास्थ्य एवं कृषि सेवाओं के राज्य परियोजना प्रबंधक सुरेंद्र कुमार दास, प्रोजेक्ट मैनेजमेंट प्रबंधक पुष्पैन कुमार वर्मा, वित्तीय एवं बैंकिंग सेवा प्रबंधक नारायण देवनाथ, सहायक प्रबंधक प्राइवेट बैंकिंग एवं लोन बाजार रितेश शुक्ला और टूर एंड ट्रैवल सहायक प्रबंधक राहुल सोनी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



