छत्तीसगढ़

ड्रंक एंड ड्राइव पर रायपुर ट्रैफिक पुलिस का शिकंजा, एक रात में 62 पकड़े गए

रायपुर, 22 अगस्त 2026। सड़क हादसों पर लगाम लगाने और वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रायपुर ट्रैफिक पुलिस ने ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ अभियान चलाया। 21 अगस्त की रात शहर के 9 प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर की गई जांच में 62 वाहन चालक नशे की हालत में वाहन चलाते पकड़े गए।

ब्रीथ एनालाइजर से हुई जांच

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात राम कुमार बर्मन के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान यातायात पुलिस की टीमों ने आधुनिक ब्रीथ एनालाइजर से वाहन चालकों की जांच की। इस दौरान 47 कार, 5 टाटा एस पिकअप, 8 ट्रक/टैंकर, 1 बस और 1 दोपहिया वाहन के चालक नशे की हालत में पाए गए।

सभी के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत तत्काल वैधानिक कार्रवाई की गई।

2026 में अब तक 3906 मामले

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार रायपुर में वर्ष 2026 में अब तक ड्रंक एंड ड्राइव के 3906 मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि नशे में वाहन चलाने से चालक की निर्णय लेने की क्षमता, प्रतिक्रिया समय और वाहन पर नियंत्रण प्रभावित होता है, जिससे दुर्घटना का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।

डीसीपी ट्रैफिक ने की अपील

डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा ने नागरिकों से अपील की है कि शराब या किसी भी नशीले पदार्थ का सेवन करने के बाद वाहन न चलाएं। जरूरत पड़ने पर टैक्सी, सार्वजनिक परिवहन या परिवार के किसी सदस्य की मदद लें।

उन्होंने कहा कि नशे में वाहन न चलाना सिर्फ अपनी नहीं, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जिंदगी की सुरक्षा की भी जिम्मेदारी है। ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ यातायात पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button