छत्तीसगढ़

तीन दिन तप, सिर्फ गर्म पानी का सहारा… 150 तपस्वी करेंगे कठिन साधना

28 अगस्त को सामूहिक पारणा

रायपुर, 25 अगस्त 2026। विवेकानंद नगर स्थित ज्ञानवल्लभ उपाश्रय में चल रहे सर्वमंगलमय वर्षावास के दौरान श्री गिरनार नेमी तप अब अपने अंतिम और कठिन चरण में पहुंच गया है। 7 अगस्त से जारी 22 दिवसीय इस तप की पूर्णाहुति के लिए 150 तपस्वी 25 से 27 अगस्त तक तीन दिवसीय उपवास करेंगे। इस दौरान तपस्वी अन्न-जल का त्याग कर केवल जरूरत के अनुसार गर्म पानी ग्रहण करेंगे। तप का सामूहिक पारणा 28 अगस्त को होगा।

मुनि संवेगरत्न सागर आदि ठाणा की पावन निश्रा में चल रही इस आराधना में शामिल 150 तपस्वी आत्मकल्याण, संयम और त्याग की भावना से साधना कर रहे हैं। अंतिम तीन दिनों में तपस्वी सुबह धर्मसभा में मुनिभगवंतों से मांगलिक प्राप्त करने के बाद तथा सूर्यास्त से पहले शाम 4.30 बजे तक आवश्यकता के अनुसार गर्म पानी ग्रहण कर सकेंगे।

26 अगस्त को होगी मेहंदी-सांझी

ऋषभदेव मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष विजय कांकरिया और कार्यकारी अध्यक्ष अभय भंसाली ने बताया कि तपस्या के निमित्त 26 अगस्त को मुनि भगवंतों के सानिध्य में मेहंदी-सांझी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। श्री संभवनाथ जिनालय से गाजे-बाजे के साथ लाभार्थी परिवार और श्रावक-श्राविकाएं मेहंदी के थाल लेकर श्री ज्ञानवल्लभ उपाश्रय पहुंचेंगे। यहां तपस्वियों को मेहंदी भेंट की जाएगी। महिला मंडल की ओर से भक्ति गीत-संगीत के साथ सांझी का आयोजन होगा।

तिलक-माला से होगा तपस्वियों का बहुमान

लाभार्थी परिवार की ओर से सभी तपस्वियों का तिलक, माला और श्रीफल से सम्मान किया जाएगा। चातुर्मास समिति द्वारा लाभार्थी परिवार के हाथों तपस्वियों को तपस्या की स्मृति में उपहार भी भेंट किए जाएंगे। भक्ति और संगीत के बीच बहुमान समारोह आयोजित होगा।

भाव यात्रा में 150 तपस्वियों ने लिया हिस्सा

गिरनार नेमी तप के निमित्त रविवार को निकाली गई भव्य गिरनार भाव यात्रा में सभी 150 तपस्वी शामिल हुए। विवेकानंद नगर से शुरू हुई यात्रा टेगौर नगर स्थित पटवा भवन पहुंची। यहां भगवान नेमिनाथ की भक्ति, संगीतमय कार्यक्रम और धर्मसभा में श्रावक-श्राविकाओं ने मुनिभगवंतों का आशीर्वाद लिया। इस दौरान सभी तपस्वियों का सामूहिक ग्रुप फोटो भी लिया गया।

28 अगस्त को मंगल प्रवचन के बाद 150 तपस्वी सामूहिक पारणा कर 22 दिवसीय श्री गिरनार नेमी तप की साधना पूर्ण करेंगे।

Related Articles

Back to top button