देवेंद्र यादव के साथ उमड़ा कांवड़ियों का सैलाब, शिवनाथ से देवबलौदा तक गूंजा ‘हर-हर महादेव’

भिलाई, 25 अगस्त 2026। भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव की अगुवाई में निकली वार्षिक शिवनाथ कांवड़ यात्रा ने पूरे शहर को भक्तिमय कर दिया। दुर्ग के शिवनाथ नदी घाट से जल लेकर सैकड़ों कांवड़िए पैदल देवबलौदा के प्राचीन भोलेनाथ मंदिर पहुंचे और भगवान शिव का जलाभिषेक किया। यात्रा के पूरे मार्ग में ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारों से माहौल शिवमय रहा। जगह-जगह श्रद्धालुओं, सामाजिक संगठनों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कांवड़ियों का पुष्पवर्षा और भंडारे के साथ स्वागत किया।
सुबह करीब 6 बजे शिवनाथ नदी तट से यात्रा की शुरुआत हुई। कांवड़ियों ने नदी में स्नान कर शिवलिंग का दूध और जल से अभिषेक किया। इसके बाद संकल्प लेकर देवबलौदा के लिए पैदल यात्रा शुरू की गई। दुर्ग शहर से होकर सेक्टर-9, सेक्टर-7, सिविक सेंटर, सेक्टर-5, सेक्टर-10 और सेक्टर-2 सहित विभिन्न इलाकों से गुजरती यात्रा में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और युवा श्रद्धालु शामिल हुए।
चौक-चौराहों पर भव्य स्वागत
यात्रा के दौरान शहर के अलग-अलग हिस्सों में कांवड़ियों के स्वागत के लिए विशेष इंतजाम किए गए। मालवीय नगर चौक पर युवा कांग्रेस नेता रौनक सचदेव के नेतृत्व में विशाल बर्फानी शिवलिंग बनाकर स्वागत किया गया। सेक्टर-9 चौक पर हुडकोवासियों ने पुष्पवर्षा की। स्टील क्लब चौक सेक्टर-7 में भूत-पिशाच की झांकी के साथ स्वागत हुआ।
ग्लोब चौक सेक्टर-10 में पार्षद लक्ष्मीपति राजू और वार्डवासियों ने भंडारे के जरिए कांवड़ियों की सेवा की। बेरोजगार चौक, सेक्टर-2 और BSNL चौक समेत कई स्थानों पर भी स्वागत और प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई।
सेक्टर-2 BSNL चौक पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी-3 के अध्यक्ष सौरभ मिश्रा की टीम ने भव्य शिव धाम और बर्फानी शिवलिंग की झांकी तैयार की। विधायक देवेंद्र यादव ने यहां पूजा-अर्चना की और पूरे दिन चलने वाले ‘महाभोग’ यानी ‘शिव की रसोई’ की सराहना की।
मां ने बेटे को दिया आशीर्वाद, साथ चलीं पैदल
कांवड़ यात्रा में विधायक देवेंद्र यादव की माता की मौजूदगी भी आकर्षण का केंद्र रही। उन्होंने अपने बेटे को आशीर्वाद दिया और कुछ दूरी तक उनके साथ पैदल यात्रा में भी शामिल हुईं। महिलाओं की बड़ी भागीदारी ने यात्रा को और खास बना दिया।
देवेंद्र बोले- भिलाई की संस्कृति बचाने की ताकत दें बाबा
देवबलौदा पहुंचने के बाद कांवड़ियों ने भगवान भोलेनाथ को शिवनाथ नदी का जल अर्पित किया। इस दौरान विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि वे बाबा भोलेनाथ से प्रार्थना करते हैं कि भिलाई की संस्कृति और बसावट सुरक्षित रहे और उन्हें इसके लिए संघर्ष करने की ताकत मिले।
यात्रा के दौरान जगह-जगह फल, पानी, खिचड़ी और प्रसाद की व्यवस्था की गई। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कांग्रेस पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और श्रद्धालु यात्रा में शामिल रहे।



