छत्तीसगढ़

अपराध-नशे के खिलाफ कांग्रेस का मोर्चा, कन्हैया ने पुलिस कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन

रायपुर, 27 अगस्त 2026। रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं और नशे, सट्टा व जुए के कथित अवैध कारोबार को लेकर कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल के नेतृत्व में कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने चंगोराभाठा में हुए डबल मर्डर के आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के साथ क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की।

नशे और सट्टे के कारोबार पर उठाए सवाल

कन्हैया अग्रवाल ने आरोप लगाया कि रायपुर दक्षिण का बड़ा हिस्सा अवैध शराब, गांजा, नशीली गोलियों और सट्टेबाजी के कारोबार की चपेट में है। उन्होंने दावा किया कि नशा और सट्टा माफिया कथित तौर पर नाबालिग बच्चों को भी इस अवैध कारोबार में इस्तेमाल कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बच्चों से शराब, गांजे की पुड़िया और नशीली दवाइयां बिकवाई जा रही हैं। कानून की प्रक्रिया के तहत बाहर आने के बाद यही बच्चे धीरे-धीरे अपराध की दुनिया में आगे बढ़ सकते हैं। उन्होंने नशे के नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

डीडी नगर और टिकरापारा को बताया संवेदनशील

कांग्रेस नेता ने डीडी नगर और टिकरापारा थाना क्षेत्रों को अत्यंत संवेदनशील बताते हुए कहा कि यहां हत्या, हत्या के प्रयास, दुष्कर्म और लूट जैसी गंभीर घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने इन घटनाओं के पीछे नशे और सट्टे के कारोबार की भूमिका होने का आरोप लगाया।

उन्होंने बढ़ते अपराध को देखते हुए चंगोराभाठा में तत्काल नया पुलिस थाना खोलने की मांग भी दोहराई। उनका कहना था कि क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी और नियमित गश्त बढ़ाने से अपराध पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

15 दिन में कार्रवाई का आश्वासन

प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला ने उनकी मांगों को गंभीरता से सुना और चंगोराभाठा डबल मर्डर मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया। उन्होंने नशे, जुए और सट्टे के अवैध कारोबार के खिलाफ 15 दिनों के भीतर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।

इसके अलावा क्षेत्र में भयमुक्त माहौल बनाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और रात्रिकालीन पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए जाने की बात भी प्रतिनिधिमंडल की ओर से कही गई है।

ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में शहर कांग्रेस महामंत्री सुरेश बाफना, असंगठित क्षेत्र समस्या निवारण प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद सिद्दीक, शरद गुप्ता, राजेश केडिया, राजेश यदु, राजेश त्रिवेदी, मुकुंद कागदेलवार, देवेंद्र पवार, शंकर सेन, गोलू, महिला कांग्रेस प्रदेश सचिव भुनेश्वरी डहरिया और अन्नू मरई सहित अन्य कांग्रेसजन शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button