मनोरंजन

कॉलेज के रंग, रिश्तों की उलझन और पहला प्यार: ‘डोंट बी शाय’ का टीजर मचा रहा हलचल

मुंबई, 29 अगस्त 2026। कॉलेज लाइफ, दोस्ती, पहला प्यार और बड़े होने की उलझनों को पर्दे पर उतारने वाली अपकमिंग फिल्म ‘डोंट बी शाय’ का टीजर रिलीज हो गया है। प्राइम वीडियो ने इंटर्नल सनशाइन प्रोडक्शंस के साथ मिलकर फिल्म का टीजर जारी किया है। फिल्म में नई स्टारकास्ट नजर आएगी और कहानी युवाओं की बदलती दुनिया, रिश्तों और कमिंग-ऑफ-एज के दौर को करीब से दिखाएगी।

फिल्म में आरुषि बजाज श्यामिली ‘शाय’, पीयूष खाटी मयंक, बियांका अरोड़ा तारा और अंश दुग्गल ध्रुव के किरदार में दिखाई देंगे। टीजर में चारों कलाकारों के बीच दोस्ती, मस्ती, आकर्षण और भावनात्मक उतार-चढ़ाव की झलक देखने को मिलती है।

20 साल की शाय की जिंदगी में आएगा बड़ा मोड़

फिल्म की कहानी 20 वर्षीय श्यामिली ‘शाय’ दास के इर्द-गिर्द घूमती है। शाय को लगता है कि उसने अपनी जिंदगी को समझ लिया है और सब कुछ उसकी योजना के मुताबिक चल रहा है। लेकिन अचानक उसकी जिंदगी में ऐसा मोड़ आता है, जिसकी उसने कल्पना भी नहीं की थी।

इसके बाद हालात धीरे-धीरे उसके नियंत्रण से बाहर होने लगते हैं। दोस्ती, प्यार और खुद को समझने की कोशिश के बीच शाय किन उलझनों से गुजरती है, फिल्म इसी सफर को सामने लाती है।

टीजर में दिखी यंग गैंग की जबरदस्त केमिस्ट्री

टीजर में फिल्म की युवा स्टारकास्ट एनर्जी से भरपूर नजर आ रही है। शानदार विजुअल्स, ग्रूवी म्यूजिक, मजेदार केमिस्ट्री और इमोशनल ट्विस्ट कहानी को दिलचस्प बनाते हैं। फिल्म कॉलेज के उन दिनों को दिखाने की कोशिश करती है, जो एक तरफ बेहद रोमांचक होते हैं तो दूसरी तरफ जिंदगी को लेकर कई सवाल भी खड़े करते हैं।

फिल्म को सृति मुखर्जी ने लिखा और निर्देशित किया है। आलिया भट्ट और शाहीन भट्ट ने इंटर्नल सनशाइन प्रोडक्शंस के बैनर तले इसका निर्माण किया है। वहीं चॉकबोर्ड एंटरटेनमेंट के ग्रिश्मा शाह और विकेश भूटानी को-प्रोड्यूसर हैं।

फिल्म में कुणाल रॉय कपूर, अनुराग बसु, नेहा धूपिया और अंजू अल्वा नाइक भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।

‘डोंट बी शाय’ का प्रीमियर 25 सितंबर 2026 को प्राइम वीडियो पर होगा। फिल्म हिंदी भाषा में अंग्रेजी सबटाइटल्स के साथ भारत समेत 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में एक्सक्लूसिव स्ट्रीम की जाएगी।

Related Articles

Back to top button