छत्तीसगढ़

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और खेल संस्कृति से ही बनेगा विकसित भारत : बृजमोहन अग्रवाल

दीव में संसदीय अध्ययन दौरे के दौरान शिक्षा, खेल और CSR फंड के प्रभावी उपयोग पर मंथन

रायपुर/दीव, 1 सितंबर 2026। रायपुर सांसद एवं शिक्षा, महिला, बाल, युवा और खेल संबंधी संसदीय स्थायी समिति के वरिष्ठ सदस्य बृजमोहन अग्रवाल ने केंद्र शासित प्रदेश दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन-दीव के संसदीय अध्ययन दौरे के दौरान शिक्षा और खेल विकास को लेकर व्यापक चर्चा की। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक अधोसंरचना और कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) फंड के प्रभावी उपयोग को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर रोडमैप प्रस्तुत किया।

दीव में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में सांसद अग्रवाल ने भारत सरकार के विद्यालय शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, केंद्र शासित प्रदेश के शिक्षा निदेशालय, नवोदय विद्यालय समिति, वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग तथा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शिक्षा और खेल क्षेत्र के विकास पर विचार-विमर्श किया।

CSR से मजबूत हो खेल अधोसंरचना

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और वित्तीय संस्थानों से खेल विकास में CSR फंड के प्रभावी इस्तेमाल पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि CSR की राशि से आधुनिक खेल मैदान, सिंथेटिक ट्रैक, खेल उपकरण और प्रशिक्षण केंद्र विकसित किए जाने चाहिए, ताकि ग्रामीण और छोटे शहरों की प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

पीएम श्री नवोदय विद्यालय का किया निरीक्षण

अध्ययन दौरे के दौरान अग्रवाल ने दीव स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने डिजिटल स्मार्ट क्लासरूम, विज्ञान प्रयोगशालाओं, खेल परिसरों और छात्रावास की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय में विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही आधुनिक सुविधाओं और शैक्षणिक वातावरण की जानकारी भी ली।

अग्रवाल ने कहा कि पीएम श्री योजना नई पीढ़ी के सर्वांगीण विकास का राष्ट्रीय मॉडल है। इसका लाभ देश के अंतिम छोर तक रहने वाले विद्यार्थियों तक पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पहुंचना चाहिए।

छत्तीसगढ़ में 211 स्कूलों को पीएम श्री के रूप में किया जा रहा अपग्रेड

बैठक में सांसद अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ में स्कूली शिक्षा और पीएम श्री योजना की स्थिति को भी प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि राज्य के वनांचल और ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी आधुनिक शिक्षा सुविधाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में पीएम श्री योजना के प्रथम चरण के तहत 211 स्कूलों को अपग्रेड कर आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। इससे राज्य के 2 लाख से अधिक विद्यार्थियों को लाभ मिलने की बात कही गई। स्कूलों में ICT लैब, स्मार्ट क्लासरूम और वोकेशनल ट्रेनिंग के माध्यम से विद्यार्थियों को 21वीं सदी के कौशल से जोड़ने पर भी जोर दिया जा रहा है।

विकसित भारत के लिए शिक्षा और खेल जरूरी

बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के विजन को साकार करने के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और खेल संस्कृति का विस्तार बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि मजबूत शैक्षणिक व्यवस्था और बेहतर खेल अधोसंरचना युवाओं की प्रतिभा को अवसर देने के साथ देश के भविष्य को भी मजबूत आधार प्रदान करेगी।

Related Articles

Back to top button