‘मिर्जापुर: द मूवी’ से पहले धमाका, सोनल चौहान का ‘घूम घूम’ रिलीज

मुंबई, 1 सितंबर 2026। ‘मिर्जापुर’ फ्रेंचाइजी के फैंस के लिए रिलीज से पहले ही एक बड़ा सरप्राइज सामने आया है। एक्सेल एंटरटेनमेंट और अमेजन MGM स्टूडियोज की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का नया डांस नंबर ‘घूम घूम’ रिलीज कर दिया गया है। हाई-एनर्जी इस गाने में सोनल चौहान अपने जबरदस्त डांस मूव्स से नजर आ रही हैं। उनके साथ रवि किशन और दिव्येंदु भी इस पावर-पैक्ड नंबर का हिस्सा हैं।
‘घूम घूम’ को राशमीत कौर और रे ने अपनी आवाज दी है। गाने का संगीत रे ने तैयार किया है, जबकि इसके बोल कुमार ने लिखे हैं। गाने के रिलीज होते ही फिल्म को लेकर दर्शकों का उत्साह और बढ़ गया है। मेकर्स ने सोशल मीडिया पर गाना शेयर करते हुए लिखा, “अब मिर्जापुर में मचेगी धूम, जब बजेगा घूम घूम।”
बड़े पर्दे पर लौटेगी ‘मिर्जापुर’ की दुनिया
‘मिर्जापुर: द मूवी’ के जरिए पहली बार इस लोकप्रिय ओटीटी फ्रेंचाइजी की कहानी बड़े पर्दे पर देखने को मिलेगी। फिल्म में अली फजल, पंकज त्रिपाठी और दिव्येंदु प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म के टीजर और ट्रेलर पहले ही दर्शकों के बीच जबरदस्त चर्चा बटोर चुके हैं।
फिल्म की स्टारकास्ट भी काफी बड़ी है। इसमें अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, प्रमोद पाठक, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता शेखर गौर, श्वेता त्रिपाठी और सोनल एस. चौहान भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगी।
4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज
‘मिर्जापुर: द मूवी’ का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि कहानी और पटकथा पुनीत कृष्णा ने लिखी है। फिल्म को एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने प्रोड्यूस किया है। कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी इसके को-प्रोड्यूसर हैं।
फिल्म 4 सितंबर 2026 को हिंदी और तेलुगु भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज होगी। रिलीज से महज कुछ दिन पहले ‘घूम घूम’ के सामने आने से ‘मिर्जापुर: द मूवी’ को लेकर फैंस के बीच एक्साइटमेंट और बढ़ गया है।



