छत्तीसगढ़

सारंगढ़-बिलाईगढ़ में पिकअप पलटने से 15 घायल, तीन गंभीर

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 6 सितंबर 2026। जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सलिहा थाना क्षेत्र में एक बार फिर सड़क हादसा सामने आया है। परसापाली मोड़ के पास एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में करीब 15 महिला-पुरुष घायल हुए हैं, जिनमें तीन बच्चे भी शामिल हैं। घायलों में तीन लोगों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

दशगात्र कार्यक्रम से लौट रहे थे सभी

जानकारी के मुताबिक, सभी लोग एक ही पिकअप वाहन में सवार होकर बसना के बेहरदबरी गांव में आयोजित दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद सभी वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान परसापाली मोड़ के पास अचानक पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।

पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया

हादसे की सूचना मिलते ही सलिहा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बिलाईगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां सभी घायलों का उपचार जारी है। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों की स्थिति पर चिकित्सकों द्वारा नजर रखी जा रही है।

फिलहाल पिकअप वाहन किस वजह से अनियंत्रित हुआ, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। सलिहा पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button