डिवाइडर से टकराई कार: महिला की मौत, 3 गंभीर…

रायपुर, 6 सितंबर 2026। राजधानी रायपुर में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के छेरीखेड़ी ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में कार सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, कार क्रमांक CG 04 NW 7718 में सवार चार लोग शनिवार देर रात नया रायपुर से रायपुर शहर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान छेरीखेड़ी के पास ओवरब्रिज पर कार अनियंत्रित हो गई और सीधे डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों ने दी पुलिस को सूचना
हादसे के बाद मौके से गुजर रहे राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मंदिर हसौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल भेजा गया।
अस्पताल में उपचार के दौरान डॉक्टरों ने एक महिला को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतिका की पहचान शिवानी ठाकुर के रूप में की है।
तीन घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
हादसे में अनंत, प्रखर और सेजल गंभीर रूप से घायल हुए हैं। तीनों को रायपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हादसा किस वजह से हुआ, कार की रफ्तार कितनी थी और दुर्घटना के पीछे अन्य कोई कारण था या नहीं, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।



