छत्तीसगढ़

कोर्ट परिसर में पुलिस का सख्त पहरा, चेकिंग अभियान में 4 संदिग्धों पर कार्रवाई

रायपुर, 19 जून 2026। कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस ने शुक्रवार को विशेष आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान न्यायालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सघन जांच की गई, जिसमें चार संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान का संचालन पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) उमेश प्रसाद गुप्ता और पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला के मार्गदर्शन में किया गया। अभियान का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) तारकेश्वर पटेल और सहायक पुलिस आयुक्त सिविल लाइन रमाकांत साहू ने किया।

अभियान में थाना सिविल लाइन, देवेन्द्र नगर पुलिस, एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा रक्षित केंद्र के करीब 70 पुलिसकर्मियों की विशेष टीम शामिल रही। टीम ने कोर्ट परिसर में आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखते हुए संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की।

जांच के दौरान चार व्यक्ति संदिग्ध पाए गए, जिनके खिलाफ थाना सिविल लाइन में प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य न्यायालय परिसर में किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधियों पर रोक लगाना और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना था।

अभियान के दौरान अधिवक्ताओं, न्यायालय कर्मचारियों और आम नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ऐसे आकस्मिक चेकिंग अभियान भविष्य में भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।

Related Articles

Back to top button